Last updated: February 19th, 2026 at 03:32 pm

नोएडा और आसपास के इलाकों में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री कराने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब रजिस्ट्री के लिए कामकाजी लोगों को विशेष छुट्टी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रशासन ने सब रजिस्ट्रार कार्यालयों के समय में बदलाव करते हुए रविवार को भी दफ्तर खोलने का निर्णय लिया है। यह नई व्यवस्था गौतमबुद्ध नगर समेत गाजियाबाद, वाराणसी, आगरा और लखनऊ में लागू की जाएगी। महानिरीक्षक निबंधन की ओर से 16 फरवरी को जारी निर्देश के बाद संबंधित जिलों में इसकी तैयारी शुरू हो गई है।
शाम 8 बजे तक खुलेंगे कार्यालय
नई व्यवस्था के तहत सोमवार से शनिवार तक एक नामित सब रजिस्ट्रार कार्यालय दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा। इससे दफ्तरों में काम करने वाले लोग शाम को लौटने के बाद भी अपनी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करा सकेंगे। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक बुक किए जा सकेंगे। रविवार को रोस्टर के आधार पर एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा। यह व्यवस्था स्थायी रूप से लागू की जाएगी। इसके लिए वर्तमान में संचालित एक कार्यालय के समय में बदलाव किया जाएगा।
शुक्रवार को रहेगा अवकाश
निर्देशों के अनुसार, जिस कार्यालय को रविवार के लिए नामित किया जाएगा, वहां के कर्मचारियों को महीने के दूसरे और तीसरे शुक्रवार को अवकाश दिया जाएगा। इससे कार्यप्रणाली संतुलित रखने में मदद मिलेगी। नोएडा में बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग रहते हैं। अब तक उन्हें रजिस्ट्री के लिए कार्यदिवस में छुट्टी लेनी पड़ती थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वे बिना अवकाश लिए अपने काम के बाद रजिस्ट्री करा सकेंगे। इससे अन्य शहरों से आने वाले लोगों को भी समय की बचत होगी और प्रक्रिया एक ही दिन में पूरी करना आसान होगा।
रोजाना 600 से ज्यादा रजिस्ट्रियां
गौतमबुद्ध नगर में प्रतिदिन 600 से अधिक रजिस्ट्रियां होती हैं, जिनसे करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। जिले के लिए सालाना राजस्व लक्ष्य 3,000 करोड़ रुपये से अधिक निर्धारित है। सेक्टर-33 स्थित तीन सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में ही रोजाना 350 से 400 रजिस्ट्रियां होती हैं, जबकि बाकी रजिस्ट्रियां ग्रेटर नोएडा, दादरी और जेवर स्थित कार्यालयों में संपन्न होती हैं।
राजस्व में वृद्धि की उम्मीद
प्रशासन का मानना है कि कार्यालयों के समय में बदलाव और रविवार को सेवा उपलब्ध होने से रजिस्ट्री की संख्या में वृद्धि होगी। इससे न केवल लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी की संभावना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद नोएडा और आसपास के जिलों में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री की प्रक्रिया अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी।
![]()
Comments are off for this post.