Human Live Media

HomeNewsनंदीग्राम सीट: TMC उम्मीदवार पवित्र कर की संपत्ति का खुलासा, जानें कितनी है दौलत

नंदीग्राम सीट: TMC उम्मीदवार पवित्र कर की संपत्ति का खुलासा, जानें कितनी है दौलत

पश्चिम बंगाल की चर्चित नंदीग्राम विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यहां से तृणमूल कांग्रेस के
xr:d:DAFn7khOe0Q:83,j:861709633107085194,t:23071116xr:d:DAFn7khOe0Q:83,j:861709633107085194,t:23071116

पश्चिम बंगाल की चर्चित नंदीग्राम विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यहां से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पवित्र कर मैदान में हैं, जबकि उनके सामने प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के रूप में सुवेंदु अधिकारी की राजनीतिक मौजूदगी बनी हुई है।

Table of Contents

    नामांकन दाखिल करने के दौरान पवित्र कर ने जो हलफनामा प्रस्तुत किया, उसमें उनकी संपत्ति, आय, शैक्षणिक योग्यता और कानूनी मामलों से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

    हलफनामे के मुताबिक, पवित्र कर के पास करीब 46.78 लाख रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी की चल संपत्ति लगभग 70.73 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा उनके नाम 4.79 एकड़ कृषि भूमि दर्ज है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 72.13 लाख रुपये है।

    उनकी ओर से किसी भी प्रकार की आवासीय या व्यावसायिक संपत्ति घोषित नहीं की गई है और उन पर कोई बकाया ऋण भी नहीं है। आय के आंकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2024–25 में उनकी आय 4.99 लाख रुपये रही, जबकि 2023–24 में यह 4.79 लाख रुपये और 2022–23 में 4.34 लाख रुपये थी, जो लगातार बढ़ोतरी को दर्शाती है।

    नकदी के रूप में उनके पास 54,530 रुपये मौजूद हैं, वहीं उनकी पत्नी के पास 28,274 रुपये नकद हैं। बैंक खातों में लगभग 3.34 लाख रुपये जमा बताए गए हैं।

    इसके अलावा, कर के पास दो जीवन बीमा पॉलिसियां हैं जिनकी कुल वैल्यू करीब 35 लाख रुपये है। सोने के मामले में उनके पास 50 ग्राम सोना (लगभग 7.03 लाख रुपये) है, जबकि उनकी पत्नी के पास 400 ग्राम सोना (करीब 56.30 लाख रुपये) मौजूद है। उनके पास 2018 मॉडल की एक होंडा शाइन बाइक भी है, हालांकि उनके पास कोई चार पहिया वाहन नहीं है।

    कानूनी मामलों की बात करें तो हलफनामे के अनुसार, उनके खिलाफ नंदीग्राम थाने में चार एफआईआर दर्ज हैं। हल्दिया की विभिन्न अदालतों में उनके खिलाफ कई मामले लंबित हैं, जिनमें मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अवैध प्रवेश और एक मामले में हत्या के प्रयास जैसे आरोप शामिल हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि अब तक किसी भी मामले में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है।

    शैक्षणिक योग्यता के तौर पर उन्होंने अपनी पढ़ाई माध्यमिक स्तर तक बताई है। उल्लेखनीय है कि पवित्र कर पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़े थे, बाद में 2020 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा और ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में काम किया। हाल ही में उन्होंने फिर से टीएमसी जॉइन की और पार्टी ने उन्हें नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाया है, जहां पहले चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना प्रस्तावित है।

    Loading

    Comments are off for this post.