Human Live Media

HomeBlogउत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट: 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, मुनस्यारी में रिकॉर्ड तोड़ ठंड

उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट: 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, मुनस्यारी में रिकॉर्ड तोड़ ठंड

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ता नजर आ रहा है। राज्य के पर्वतीय इलाकों में ठंड
WhatsApp Image 2026-02-09 at 10.51.08 AM

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ता नजर आ रहा है। राज्य के पर्वतीय इलाकों में ठंड अपने चरम पर पहुंच चुकी है और इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आज हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने की आशंका के चलते वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Table of Contents

    मुनस्यारी में सबसे ज्यादा ठंड, पारा -24 डिग्री तक लुढ़का

    पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम है। तापमान के आंकड़े बताते हैं कि उत्तराखंड के सात शहरों में पारा माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। इधर चमोली जिले के औली में जमी बर्फ पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रही है। टावर नंबर-10 के आसपास बर्फ की मोटी परत देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं और स्कीइंग जैसी गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं।

    अगले दो दिन तक नहीं मिलेगी राहत

    मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी जिलों में अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

    मैदानों में दिन सुहावने, रातें सर्द

    मैदानी इलाकों में दिन के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, लेकिन रात की ठंड अब भी लोगों को परेशान कर रही है। ऋषिकेश में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास बना हुआ है। हल्द्वानी में भी दिन का तापमान 20 और रात का 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    देहरादून में आज कैसा रहेगा मौसम?

    राजधानी देहरादून में आज मौसम मुख्य रूप से साफ से आंशिक रूप से बादलों वाला रह सकता है। दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल शहर के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

    आगे कैसा रहेगा मौसम?

    10 फरवरी: पर्वतीय जिलों में बहुत हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

    11 फरवरी: कुछ जिलों में हल्की बारिश, शेष में मौसम साफ

    12 फरवरी: पूरे राज्य में मौसम शुष्क और साफ रहने की संभावना

    मौसम विभाग ने लोगों से पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और कोहरे के समय अनावश्यक सफर से बचने की अपील की है।

    Loading

    Comments are off for this post.