Last updated: February 19th, 2026 at 01:39 pm

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चारधाम यात्रा के सफल संचालन में सरकार केवल समन्वयक की भूमिका निभाती है, जबकि यात्रा को वास्तविक रूप से सफल बनाने का श्रेय तीर्थ पुरोहितों, होटल व्यवसायियों, टैक्सी-मैक्सी संचालकों और स्थानीय लोगों को जाता है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी यात्रा पूर्व वर्षों के अनुभव के आधार पर और अधिक सुव्यवस्थित तथा बेहतर होगी, ताकि श्रद्धालु सनातन संस्कृति का सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें।
जन-जन की सरकार अभियान के तहत चिन्यालीसौड़ में शिविर
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और राजकीय महाविद्यालय चिन्यालीसौड़ के उच्चीकरण को मुख्यमंत्री घोषणाओं में शामिल करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी और सरकार ने तैयारियां पहले से ही प्रारंभ कर दी हैं।
हेली सेवा का विस्तार, सेना करेगी संचालन
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टियों से हेली सेवा संचालित की जाएगी। इन हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से किया जाएगा, जिससे यात्रा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को मजबूती मिलेगी। सीएम धामी ने डुंडा और बगोरी क्षेत्र के शॉल व अन्य ऊनी उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि इनकी मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सरकारी विभाग स्थानीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को स्मृति चिह्न के रूप में प्राथमिकता दें, ताकि प्रदेश की महिलाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा सके।
सड़क को एक सप्ताह में गड्ढा मुक्त करने के निर्देश
शिविर में जन समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने ब्लॉक कार्यालय से जुड़ी सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई और लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह के भीतर सड़क को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। शिविर में स्वयं सहायता समूहों को काम उपलब्ध कराने, मशरूम स्पॉन और कंपोस्ट की उपलब्धता, आपदा प्रभावित सामुदायिक भवन की सुरक्षा दीवार निर्माण, ऐतिहासिक बगोड़ी गांव के नामकरण व पर्यटन हब के रूप में विकास तथा भडेश्वर महादेव मंदिर तक सड़क निर्माण जैसी मांगें उठाई गईं। इसके अलावा मिनी स्टेडियम या खेल मैदान निर्माण और मोबाइल कनेक्टिविटी सुधार की मांग भी सामने आई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कुछ शिकायतें अनसुनी भी रहीं
शिविर में कुछ ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं न सुने जाने पर नाराजगी जताई। अंत्योदय कार्ड निर्माण और क्षेत्रीय सुविधाओं को लेकर लोगों ने प्रशासन से त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत संकल्प में उत्तराखंड भी अहम योगदान देगा और प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
![]()
Comments are off for this post.