Last updated: April 5th, 2026 at 05:45 am

पटना: केरल से चुनाव प्रचार कर लौटे तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार हर स्तर पर असफल साबित हुई है और मौजूदा सियासी हालात को लेकर सत्ता पक्ष के मंत्रियों में अंदर ही अंदर खुशी का माहौल है।
तेजस्वी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के संभावित हटने की चर्चाओं से भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और सरकार के मंत्रियों के “मन में लड्डू फूट रहे हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस समय सत्ता पक्ष के लोग “टीटीएम यानी ताबड़तोड़ तेल मालिश” में जुटे हैं, लेकिन जनता अब तक किसी के पक्ष में खुलकर नहीं आई है।
इस्तीफे की अटकलों पर उठाए सवाल
झारखंड रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि यह अजीब स्थिति है जहां इस्तीफा अभी हुआ नहीं, लेकिन अधिकारियों ने पहले ही मान लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भले ही कोई आधिकारिक पत्र हाल में सामने आया हो, लेकिन भाजपा नेताओं ने तो चुनाव के वक्त से ही मान लिया था कि नीतीश कुमार की वापसी नहीं होगी।
नीतियों को लेकर सरकार पर हमला
राज्य की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने कहा किशराबबंदी सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है, सत्ताधारी दल के लोग ही नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। आगे नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विकास कार्यों की जगह विपक्ष को घेरना ही इनकी प्राथमिकता बन गई है।उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद सरकार में अहंकार बढ़ गया है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
रोजगार, महंगाई और शिक्षा पर घेरा
तेजस्वी यादव ने सरकार से कई अहम सवाल भी पूछे:
महिलाओं को 2 लाख रुपये देने का वादा क्यों अधूरा है?
बिजली दरों में बढ़ोतरी कर जनता पर बोझ क्यों डाला गया?
युवाओं के लिए नौकरियों के अवसर क्यों नहीं बढ़ाए गए?
परीक्षाओं की तारीखों में बार-बार बदलाव क्यों हो रहा है?
उन्होंने कहा कि सरकार “पढ़ाई, दवाई, कमाई और सिंचाई” जैसे जरूरी मुद्दों पर पूरी तरह फेल रही है।
महिलाओं के आरक्षण पर सुझाव
महिलाओं के आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि 50% आरक्षण लागू होना चाहिए। साथ ही इसमें भी आंतरिक आरक्षण जरूरी है, ताकि दलित और आदिवासी महिलाओं को समान अवसर मिल सके।
केरल दौरे को लेकर दावा
केरल में अपने अनुभव साझा करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि वहां का माहौल लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के पक्ष में नजर आ रहा है और ऐसा लग रहा है कि वह लगातार तीसरी बार सत्ता में लौट सकती है।
![]()
Comments are off for this post.