Last updated: October 25th, 2025 at 02:14 am

सासाराम। आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के सामान्य प्रेक्षकों ने सासाराम स्थित बाजार समिति, तकिया परिसर में बने स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चेनारी विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक श्री मुदवन्नु एम. नायक, सासाराम के श्री मेबनशैलंग आर. सिनरेम, करगहर की श्रीमती ए. सूर्या कुमारी, दिनारा के श्री चक्रवर्ती सिंह राठौर, नोखा के श्री मिलिंद धर्म राव रामटेके, डिहरी के श्री संदीप जनार्दन सांगले तथा काराकाट के श्री योगेश कुमार उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास तथा पुलिस अधीक्षक, रोहतास भी मौके पर मौजूद थे। ऑब्जर्वरों ने स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना स्थल की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
प्रेक्षकों ने बताया कि मतदान समाप्ति के बाद 11 नवंबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों से प्राप्त ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों को निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके लिए 18 टेबलों की व्यवस्था की गई है। मौके पर उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम नोडल पदाधिकारी और संबंधित आरओ को निर्देश दिया कि—
केवल Rest Area में ही अल्पाहार और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पर्याप्त संख्या में शौचालय उपलब्ध रहें।
भीड़ नियंत्रण हेतु समुचित प्रबंध किए जाएं।
स्ट्रॉन्ग रूम के दरवाजे की विशेष जांच की जाए ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।
जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 14 नवंबर 2025 को सासाराम स्थित बाजार समिति, तकिया परिसर में आयोजित की जाएगी। इसके लिए सात स्ट्रॉन्ग रूम और सात मतगणना कक्ष बनाए गए हैं।
प्रेक्षकों ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतगणना के दिन—
ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को लाने-ले जाने वाले मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
प्रवेश द्वार के पास स्थित अर्धनिर्मित भवन को पूरी तरह से कवर किया जाए।
पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण साउंड सिस्टम की व्यवस्था की जाए।
पर्यवेक्षक के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
केवल अधिकृत कर्मियों को ही ईवीएम लाने-ले जाने की अनुमति होगी।
मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि सभी व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप और समय पर पूरी की जाएं, ताकि मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
![]()
No Comments