Last updated: August 30th, 2025 at 04:16 am

सासाराम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कथित बयान को लेकर रोहतास जिले में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। शुक्रवार को भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इससे कार्यकर्ताओं में गहरा रोष है। विरोध प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष पटेल, चेनारी विधायक मुरारी गौतम, पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया, पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद सिंह और पूर्व विधायक सत्यनारायण सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना जनाधार खो चुकी है और अब जनता को गुमराह करने के लिए आधारहीन व अमर्यादित बयान दे रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय तक पैदल मार्च किया और “कांग्रेस मुर्दाबाद” तथा “राहुल गांधी होश में आओ” जैसे नारे लगाए। इसके बाद राहुल गांधी का पुतला जलाकर आक्रोश प्रकट किया गया।
नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की शान हैं और उनकी माता को अपमानित करने वाले बयान को भारतीय जनता पार्टी कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी कांग्रेस नेताओं की ओर से इस तरह की बयानबाजी हुई तो और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा।
![]()
No Comments