Last updated: September 10th, 2025 at 04:26 am

कोचस (रोहतास)। प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोचस में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 186 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। जांच के दौरान उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श दिए गए तथा अस्पताल से नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तुषार कुमार ने बताया कि हर माह की 9 तारीख को यह अभियान चलाया जाता है, जिसमें गर्भवती महिलाओं की निशुल्क जांच, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और परामर्श दिया जाता है। इस पहल का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं को समय पर पहचान कर मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है।
अभियान के दौरान आयरन व कैल्शियम की गोलियां सहित अन्य आवश्यक दवाएं महिलाओं को दी गईं। साथ ही उन्हें संतुलित आहार, स्वच्छता और प्रसव पूर्व नियमित जांच कराने की आवश्यकता पर जागरूक किया गया।
शिविर को सफल बनाने में हेल्थ मैनेजर मोतिउर रहमान, बीसीएम अजय कुमार, मुन्नालाल, आशा कार्यकर्ताओं सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वास्थ्य केंद्र में पूरे दिन रौनक रही और बड़ी संख्या में महिलाओं ने जांच एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि इस तरह की सुविधा से उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम हुई है। यह अभियान मातृ स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रहा है।
![]()
No Comments