Last updated: September 9th, 2026 at 09:44 am
पटना: पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) की व्यवस्था में सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बिहार स्वास्थ्य विभाग ने कई अहम फैसले लिए हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए।
डॉक्टरों की उपस्थिति पर सख्ती
नई व्यवस्था के तहत PMCH में डॉक्टरों को राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के निर्धारित मानकों के अनुसार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अस्पताल में उपस्थित रहना होगा।
अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। इमरजेंसी यूनिट में तैनात डॉक्टरों को रोजाना कम से कम दो बार मरीजों का राउंड करने और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
खाली पदों को जल्द भरने की तैयारी
PMCH में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रिक्त पदों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने अस्पताल प्रशासन से सभी खाली पदों की अधियाचना जल्द विभाग को भेजने को कहा है।
इस दौरान नए OPD भवन, पंजीकरण काउंटर और दवा वितरण केंद्र के निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। निर्माण एजेंसी L&T और BMSICL के प्रतिनिधियों को सुरक्षा मानकों, निर्माण गुणवत्ता और तय समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मरीजों की मदद के लिए तैनात होंगे आयुष्मान मित्र
आयुष्मान भारत योजना का लाभ मरीजों तक आसानी से पहुंचाने के लिए PMCH में जल्द ही आयुष्मान मित्रों की तैनाती की जाएगी। ये कर्मचारी पात्र मरीजों को योजना से जुड़ी प्रक्रिया में सहायता करेंगे। डॉक्टरों और अन्य अस्पताल कर्मियों को आयुष्मान योजना की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित करने का भी फैसला लिया गया है।
मुफ्त दवाओं की उपलब्धता पर भी जोर
बैठक में अस्पताल में दवाओं की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। मरीजों को समय पर मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराने के लिए अमृत फार्मा के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य PMCH की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना, डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और मरीजों को इलाज के साथ जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना है।
![]()
Comments are off for this post.