Last updated: November 21st, 2026 at 10:57 am

मणिपुर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए राज्य की बीजेपी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जहरीली शराब की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से वह बेहद आहत हैं और अस्पताल में भर्ती मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
कांग्रेस नेता ने अपने बयान में बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मणिपुर पहले से ही हिंसा की मार झेल रहा है। हिंसा ने सैकड़ों परिवारों को प्रभावित किया और अब जहरीली शराब के कारण लोगों की जान जा रही है। इसके बावजूद राज्य सरकार की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है।
राहुल गांधी ने मामले में दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों को बिना देरी आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की अपील भी की।
इस घटना के बाद मणिपुर की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर विपक्ष सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है।
![]()
Comments are off for this post.