Last updated: September 29th, 2026 at 11:14 am

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक साथ नजर आए हैं। दोनों नेताओं ने मुंबई में 4 अक्टूबर को संयुक्त मोर्चा निकालने का ऐलान किया है। यह मार्च मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया जाएगा।
2 अक्टूबर के CJP आंदोलन को उद्धव-राज का समर्थन
उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनकी पार्टी 2 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से प्रस्तावित आंदोलन का समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर पर INDIA गठबंधन की बैठक 30 सितंबर को होनी है, जहां आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
वहीं राज ठाकरे ने कहा कि मतदाता के वोट और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर 4 अक्टूबर का मार्च निकाला जाएगा। दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्य राजनीतिक दलों और लोगों से भी इसमें शामिल होने की अपील की।
भायखला से शुरू होगा मार्च
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के मुताबिक, 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे भायखला से मार्च शुरू होगा और BMC मुख्यालय तक जाएगा। इस प्रदर्शन में SIR, चुनाव आयोग और EVM से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।
राउत ने कहा कि अलग-अलग राजनीतिक दलों को फोन कर मार्च में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन में किसी पार्टी का झंडा नहीं होगा और प्रतिभागियों के हाथ में केवल तिरंगा रखने की बात कही गई है।
चुनाव आयोग के खिलाफ ठाकरे बंधुओं का संयुक्त मोर्चा
राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की ओर से घोषित यह मार्च चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों की पृष्ठभूमि में हो रहा है। दोनों दलों ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रखी हैं।
चुनाव आयोग की ओर से SIR को लेकर अलग-अलग स्पष्टीकरण भी दिए गए हैं। महाराष्ट्र में SIR से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा भी आयोग ने बढ़ाकर 12 अक्टूबर कर दी है।4 अक्टूबर के मार्च के जरिए ठाकरे बंधु इस मुद्दे को मुंबई में बड़े स्तर पर उठाने की तैयारी में हैं। अन्य दलों की इसमें भागीदारी को लेकर तस्वीर आगे स्पष्ट होगी।
![]()
Comments are off for this post.