Human Live Media

HomeNewsराजस्थान जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, 37 में से 25 उप प्रमुख पदों पर जमाया कब्जा

राजस्थान जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, 37 में से 25 उप प्रमुख पदों पर जमाया कब्जा

जयपुर: राजस्थान में जिला परिषद उप प्रमुख पदों के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीजेपी को बड़ा
2739203f-0439-48c8-bf67-1ba9b1250520

जयपुर: राजस्थान में जिला परिषद उप प्रमुख पदों के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीजेपी को बड़ा झटका दिया है। गुरुवार, 26 नवंबर को घोषित नतीजों में कांग्रेस ने कुल 37 में से 25 जिलों में जीत हासिल की, जबकि सत्तारूढ़ बीजेपी सिर्फ आठ सीटों पर सिमट गई। भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने तीन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने एक सीट पर कब्जा जमाया।

Table of Contents

    इससे एक दिन पहले यानी 25 नवंबर को जिला प्रमुख पदों के लिए हुए चुनाव में भी कांग्रेस ने बीजेपी को पीछे छोड़ दिया था। उस चुनाव में कांग्रेस को 24, बीजेपी को 10, जबकि BAP और RLP को एक-एक सीट मिली थी। उप प्रमुख चुनाव में बीजेपी को एक सीट का और नुकसान उठाना पड़ा।

    कांग्रेस के इन नेताओं ने दर्ज की जीत

    कांग्रेस की ओर से अलवर में अर्जुन सिंह, धौलपुर में वीर सिंह मीणा, दौसा में छोटूराम मीणा और जैसलमेर में हरीश धनदेव निर्विरोध उप जिला प्रमुख चुने गए। वहीं जयपुर से सुनील कुमावत, जोधपुर से ओमप्रकाश बिश्नोई, सीकर से रमेश बेरवाल और बीकानेर से मदन चौहान ने जीत हासिल की। भरतपुर में राजेश सिंह, डीग में नीलम रावत, राजसमंद में उदय सिंह, कोटपूतली-बहरोड़ में रमा गुर्जर और चित्तौड़गढ़ में रामेश्वर लाल धाकड़ कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में विजयी रहे।

    इसके अलावा भीलवाड़ा से सुनीता कौशिक, बाड़मेर से प्रेम कंवर, सवाई माधोपुर से मुकेश शर्मा, फलोदी से विमला, जालोर से ममता विश्नोई और टोंक से आशाराम धाकड़ ने भी जीत दर्ज की। चूरू से छोटूलाल मेघवाल, बूंदी से उच्छब लाल धाकड़, डीडवाना-कुचामन से हितेश्वर कुमार, हनुमानगढ़ से रामकुमार, झुंझुनूं से आशुतोष मीणा और सिरोही से लखमा राम भी उप जिला प्रमुख चुने गए।

    बीजेपी को इन आठ जिलों में मिली सफलता

    बीजेपी की ओर से उदयपुर में दलीचंद डांगी, अजमेर में सुनीता लांबा, ब्यावर में टीकम सिंह, खैरथल-तिजारा में अंजू और पाली में हेमंत गादाणा ने जीत हासिल की। इसके अलावा झालावाड़ से खुशवंत नागर और बांसवाड़ा से प्रियंका कुंवर बीजेपी के टिकट पर उप जिला प्रमुख बने। बालोतरा में दोनों पक्षों के बीच मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद लॉटरी के जरिए बीजेपी के जसाराम उप जिला प्रमुख चुने गए।

    BAP और RLP ने भी खोला खाता

    इन चुनावों में भारत आदिवासी पार्टी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। पार्टी के टिकट पर प्रतापगढ़ से रमेश चंद्र मीणा, सलूम्बर से सुरेश कुमार सोनू और डूंगरपुर से मंजूला रोत ने जीत हासिल की। वहीं नागौर जिला परिषद में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की अंजू चौधरी उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। इस तरह राजस्थान के जिला परिषद उप प्रमुख चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि बीजेपी को दोनों चुनावों में अपेक्षा के अनुरूप सफलता नहीं मिली।

    Loading

    Comments are off for this post.