Last updated: July 29th, 2026 at 12:22 pm

बिहार की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने राज्य की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह पर दलित समाज का अपमान करने का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने दावा किया कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने दलित समाज की एक बच्ची के हाथों से मिठाई खाने से इनकार किया, जिससे बच्ची की भावनाएं आहत हुईं और पूरे दलित समुदाय का अपमान हुआ।
RJD ने इस मामले को लेकर एक वीडियो भी जारी किया है। पार्टी का दावा है कि वीडियो में श्रेयसी सिंह कार्यक्रम के दौरान बच्चियों को मिठाई खिलाती दिखाई दे रही हैं। वहीं, जब एक बच्ची ने उन्हें मिठाई खिलाने की कोशिश की तो उन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया। इसी घटना को आधार बनाकर RJD ने भाजपा और खेल मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि यह कार्यक्रम राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। उनके अनुसार, दलित समाज के बीच पहुंचकर केवल छवि निर्माण की कोशिश की गई, लेकिन जब सम्मान लौटाने की बारी आई तो मंत्री का व्यवहार अलग दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना से भाजपा के दलित समाज के प्रति रवैये पर सवाल खड़े होते हैं।
RJD प्रवक्ता ने यह भी कहा कि मंत्री पद की शपथ संविधान के मूल्यों और समानता के सिद्धांतों के पालन की जिम्मेदारी देती है। उनका आरोप है कि इस घटना ने सामाजिक समानता और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के विपरीत संदेश दिया है।
पार्टी ने इस पूरे मामले को बांकीपुर उपचुनाव से जोड़ते हुए कहा कि चुनावी लाभ के लिए आयोजित कार्यक्रम में दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। RJD ने भाजपा नेतृत्व से मामले का संज्ञान लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह या भारतीय जनता पार्टी की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
![]()
Comments are off for this post.