Last updated: September 16th, 2025 at 04:28 pm

रोहतास जिले के इंद्रपुरी क्षेत्र से जुड़े जेम्स प्रकरण को लेकर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल समेत अन्य हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। विश्व हिंदू परिषद की जिला इकाई ने इस मामले में दर्ज प्राथमिकी और बाल कल्याण समिति की रिपोर्ट को आधार मानकर कार्रवाई की मांग की।
विहिप के जिला मंत्री यश उपाध्याय ने कहा कि “धर्म आस्था का विषय है, व्यापार का नहीं। जेम्स में आए दिन हिंदू विरोधी गतिविधियां और धर्मांतरण जैसे मामले सामने आते हैं, लेकिन प्रशासन कठोर कार्रवाई नहीं करता।” उन्होंने कहा कि धर्मांतरण सिर्फ धर्मांतरण नहीं बल्कि राष्ट्रांतरण है। वर्तमान में सामने आए यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण के मामले पर जिला प्रशासन की चुप्पी संदेह पैदा करती है, जिसे विश्व हिंदू परिषद बर्दाश्त नहीं करेगी।
वहीं, हिंदू जागरण मंच के प्रांत संपर्क प्रमुख पंकज कुमार उर्फ गोपी ने कहा कि वे धर्मांतरण का कड़ा विरोध करते हैं। “किसी भी व्यक्ति को लालच, भय या प्रलोभन देकर धर्म बदलवाना न केवल हमारी संस्कृति पर आघात है, बल्कि समाज की एकता को तोड़ने का षड्यंत्र है।” उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए।
प्रेसवार्ता के दौरान बजरंग दल के जिला सह संयोजक विकास पहलवान, नगर संयोजक अमर सिन्हा, नगर गौरक्षा प्रमुख सनी कुमार, नगर बालोपासना प्रमुख नीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
No Comments