Last updated: May 24th, 2026 at 08:43 am

पटना में आयोजित एआई समिट के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास, तकनीक और उद्योग को लेकर सरकार का भविष्य का विजन पेश किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और आर्थिक विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा।
ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पटना में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं और एआई तकनीक के जरिए अपराधियों तक तेजी से पहुंचने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से पुलिसिंग और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कहा कि बिहार में अपराध को किसी जाति या धर्म से नहीं जोड़ा जाएगा। सरकार की प्राथमिकता कानून का राज स्थापित करना है और प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एआई का इस्तेमाल केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए भी किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कई टेंडरों की समीक्षा में एआई तकनीक के उपयोग से सरकार को आर्थिक बचत हुई है।
उन्होंने “सहयोग पोर्टल” विकसित करने की भी घोषणा की, जहां बिहार और विदेशों में रहने वाले लोग राज्य के विकास और सांस्कृतिक विरासत को लेकर अपने सुझाव दे सकेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रवासी बिहारियों और युवाओं से राज्य के विकास में योगदान देने की अपील भी की।
उद्योग और अर्थव्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को सिर्फ औद्योगिक राज्य नहीं बल्कि मजबूत आर्थिक केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य का राजस्व लगातार बढ़ रहा है और सरकार आने वाले समय में इसे और मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
इस दौरान उन्होंने पटना मरीन ड्राइव को विस्तार देने की योजना का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री के अनुसार मौजूदा सड़क परियोजना को आगे बढ़ाकर गंगा एक्सप्रेसवे के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे राज्य के कई हिस्सों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में आईटी हब, डेटा सेंटर और पावर सेक्टर में निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि अगले पांच वर्षों में राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
![]()
Comments are off for this post.