Last updated: September 4th, 2026 at 09:11 am

नई दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ अब हार्परकॉलिन्स इंडिया प्रकाशित करेगी। प्रकाशक ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी घोषणा की है। यह किताब भारत में 10 नवंबर 2026 को पाठकों के लिए उपलब्ध होगी।
पहले Penguin Random House से जुड़ा था नाम
इस किताब को पहले पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा प्रकाशित किया जाना था। हालांकि, बाद में प्रकाशक ने किताब को प्रकाशित नहीं करने का फैसला किया। सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, पेंगुइन की ओर से किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े कुछ हिस्सों में बदलाव या उन्हें हटाने का सुझाव दिया गया था। बताया गया कि सोनिया गांधी इन बदलावों के लिए तैयार नहीं हुईं। हालांकि, पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने किताब को प्रकाशित नहीं करने के फैसले पर बाद में अपनी स्थिति स्पष्ट की थी।
HarperCollins ने की प्रकाशन की घोषणा
हार्परकॉलिन्स इंडिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि वह सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ प्रकाशित करेगा। प्रकाशक ने इसे लंबे समय से प्रतीक्षित राजनीतिक आत्मकथाओं में से एक बताया है।
कंपनी के अनुसार, किताब में प्रेम, पहचान, कर्तव्य और अपनत्व जैसे विषयों के जरिए सोनिया गांधी की निजी और राजनीतिक यात्रा को सामने रखा गया है। साथ ही, इसमें भारत को करीब से देखने का एक अलग दृष्टिकोण मिलने का दावा किया गया है।
Penguin ने फैसले पर क्या कहा था?
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने पहले कहा था कि किताब को प्रकाशित न करने का फैसला संपादकीय बदलावों को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण लिया गया।
प्रकाशक ने कहा था कि तथ्यों की जांच करना और किताब को बेहतर बनाने के लिए लेखक को संपादकीय सुझाव देना प्रकाशन प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया था कि वह लेखक के साथ हुई गोपनीय बातचीत पर आगे कोई टिप्पणी नहीं करेगी।
पवन खेड़ा ने साधा निशाना
किताब के नए प्रकाशक की घोषणा के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पेंगुइन पर तंज कसते हुए लिखा कि “पेंगुइन चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, वह उड़ नहीं सकता।” अब सोनिया गांधी की यह किताब हार्परकॉलिन्स इंडिया के प्रकाशन के साथ नवंबर में बाजार में आने वाली है।
![]()
Comments are off for this post.