Human Live Media

HomeNewsसोनिया गांधी की किताब में संजय गांधी की मौत का भावुक जिक्र, 10 साल के राहुल गांधी बार-बार दोहराते रहे थे ये शब्द

सोनिया गांधी की किताब में संजय गांधी की मौत का भावुक जिक्र, 10 साल के राहुल गांधी बार-बार दोहराते रहे थे ये शब्द

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब Blogging a Journey of Love इन दिनों चर्चा में है। इस किताब
Sonia-Gandhi-book-Belonging-A-Journey-of-Love

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब Blogging a Journey of Love इन दिनों चर्चा में है। इस किताब में उन्होंने अपने परिवार से जुड़े कई ऐसे निजी किस्से साझा किए हैं, जिनके बारे में पहले बहुत कम जानकारी सामने आई थी। इसी कड़ी में उन्होंने 23 जून 1980 को हुए संजय गांधी के विमान हादसे और उसके बाद परिवार पर पड़े असर का जिक्र किया है। सोनिया गांधी के मुताबिक, अपने चाचा संजय गांधी की मौत की खबर सुनकर उस वक्त महज 10 साल के राहुल गांधी पूरी तरह टूट गए थे। उन्हें इस बात का अंदाजा तक नहीं था कि परिवार पर आई यह मुसीबत कितनी बड़ी है।

Table of Contents

    सोनिया गांधी ने किताब में बताया कि जून 1980 में वह अपने पति राजीव गांधी और बच्चों राहुल-प्रियंका के साथ छुट्टियां मनाने इटली गई थीं। फ्लोरेंस जाने से पहले उन्होंने दोनों बच्चों को इटली के ओरबासानो में अपने माता-पिता के पास छोड़ दिया था। 23 जून को जब सोनिया और राजीव फ्लोरेंस में अपने ठहरने की जगह पर नाश्ते के लिए पहुंचे, तभी वहां मौजूद एक कर्मचारी ने उन्हें तुरंत सोनिया के माता-पिता को फोन करने की सलाह दी। उस समय उन्हें लगा कि शायद बच्चों के साथ कुछ अनहोनी हो गई है।

    एक फोन कॉल ने बदल दी परिवार की जिंदगी

    सोनिया गांधी के मुताबिक, जब उन्होंने अपनी मां को फोन किया तो उन्हें ऐसी खबर मिली, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उन्हें बताया गया कि राजीव गांधी के छोटे भाई संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मौत हो गई है। यह हादसा नई दिल्ली में सफदरजंग हवाई अड्डे के पास हुआ था। संजय गांधी उस समय खुद विमान उड़ा रहे थे।

    सोनिया ने बताया कि यह खबर सुनकर राजीव गांधी गहरे सदमे में चले गए थे। संजय उनके इकलौते भाई थे और दोनों ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा साथ बिताया था। इस घटना की जानकारी दिल्ली से सोनिया की मां को फोन पर दी गई थी। हालांकि, वह इतालवी भाषा में बातचीत के दौरान पूरी बात समझ नहीं पाईं और उन्होंने फोन राहुल गांधी को दे दिया।

    10 साल के राहुल बार-बार कहते रहे ‘चाचा नहीं रहे’

    किताब में सोनिया गांधी ने उस पल का जिक्र करते हुए बताया कि फोन पर राहुल गांधी को जानकारी देने वाले आर.के. धवन थे। वह तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निजी सचिव थे। उन्होंने राहुल को सीधे शब्दों में बताया कि एक हादसा हो गया है और उनके चाचा अब इस दुनिया में नहीं रहे।

    यह सुनकर राहुल ने अपनी इतालवी नानी को हादसे की जानकारी दी और फूट-फूटकर रोने लगे। सोनिया के मुताबिक, राहुल बार-बार इतालवी भाषा के शब्द ‘चाचा ए मोर्तो’ दोहरा रहे थे, जिसका अर्थ है ‘चाचा गुजर गए हैं’। उनकी नानी ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन राहुल इस सदमे से बाहर नहीं आ पा रहे थे।

    प्रियंका गांधी भी रह गई थीं स्तब्ध

    सोनिया गांधी ने आगे लिखा कि जब वह और राजीव गांधी इटली के ओरबासानो स्थित अपने घर पहुंचे तो राहुल को संभालना बेहद मुश्किल हो रहा था। परिवार के लोग भी वहां इकट्ठा हो गए थे। हर कोई संजय गांधी की असमय मौत से दुखी था। राहुल के साथ-साथ प्रियंका गांधी भी इस घटना से स्तब्ध थीं। सोनिया के पिता पर भी इस हादसे का गहरा असर पड़ा था।

    संजय गांधी का निधन 23 जून 1980 को विमान दुर्घटना में हुआ था। उस समय उनकी उम्र महज 33 साल थी। सोनिया गांधी की किताब में दर्ज यह घटना न केवल गांधी परिवार के निजी दुख को सामने लाती है, बल्कि उस समय राहुल और प्रियंका के बचपन से जुड़ी एक भावुक याद भी साझा करती है।

    Loading

    Comments are off for this post.