Last updated: August 31st, 2025 at 11:00 am

कोचस, रोहतास। शनिवार :कोचस प्रखंड के रेडियां पंचायत में शनिवार को किसानों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर फतुहा (पटना) की नाट्य संस्था माध्यम फाउंडेशन के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक काम की बात प्रस्तुत किया।
नाटक के जरिए किसानों को बताया गया कि वे अपनी उपज पैक्स में बेचकर सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। कलाकारों ने संवाद और गीतों के जरिए समझाया कि पैक्स में धान और गेहूं की बिक्री करने पर किसानों को न केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिलेगा, बल्कि बीज, खाद, ऋण और फसल बीमा जैसी योजनाओं का लाभ भी समय पर मिल सकेगा।
कृषकों की भीड़ जुटी
रेडियो पंचायत में आयोजित चौपाल में बड़ी संख्या में किसान जुटे। सभी ने नाटक को ध्यान से देखा और योजनाओं को समझा। किसान रामस्वरूप सिंह ने कहा, “नाटक के जरिए हमें योजनाओं की पूरी जानकारी मिली। अब हम फसल सीधे पैक्स में बेचेंगे।” वहीं किसान सीता राम यादव ने कहा कि “इस तरह के कार्यक्रम से हमें बहुत लाभ होता है। पहले हमें सरकारी योजनाओं की जानकारी अधूरी रहती थी, अब स्पष्ट हो गई है।”
अधिकारियों की अपील
मौके पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे समय पर पैक्स में अपनी उपज की बिक्री करें, ताकि सरकारी सुविधाओं का सीधा लाभ ले सकें। अधिकारियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर किसान को योजनाओं से जोड़ना है और इस तरह के नाट्य कार्यक्रम इसी प्रयास का हिस्सा हैं।
सभी पैक्स में होगा आयोजन
जानकारी के अनुसार, माध्यम फाउंडेशन की टीम आने वाले दिनों में कोचस प्रखंड के अन्य पैक्सों में भी इसी तरह के नुक्कड़ नाटक आयोजित करेगी, ताकि अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं की जानकारी दी जा सके।
![]()
No Comments