Human Live Media

HomeNewsकार्तिगई दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, तमिलनाडु के शीर्ष अधिकारियों को अवमानना नोटिस; बीजेपी ने विजय सरकार को घेरा

कार्तिगई दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, तमिलनाडु के शीर्ष अधिकारियों को अवमानना नोटिस; बीजेपी ने विजय सरकार को घेरा

तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और कानूनी मोड़ ले चुका है। सुप्रीम कोर्ट की
supreme-court-2-1795602811

तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और कानूनी मोड़ ले चुका है। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद बीजेपी ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि सरकार ने संवैधानिक मर्यादाओं की अनदेखी करते हुए हिंदू श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।

Table of Contents

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत करते हुए इसे भगवान मुरुगन के भक्तों की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि अदालत ने शनिवार को तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून में पारंपरिक दीपक जलाने का निर्देश दिया है। साथ ही आदेश का पालन नहीं करने पर राज्य के अधिकारियों को फटकार भी लगाई है। नितिन नवीन के मुताबिक, राजनीतिक दबाव में धार्मिक परंपराओं को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन भारत की आस्था और परंपराओं को राजनीतिक साजिशों से नहीं दबाया जा सकता।

    इस मामले में बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी तमिलनाडु सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विजय और उनकी सरकार की कार्रवाई हिंदू परंपराओं के प्रति नकारात्मक सोच को दर्शाती है। गौरव भाटिया ने कहा कि संविधान की रक्षा की शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री को उसके सिद्धांतों का पालन करना चाहिए, न कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम उठाना चाहिए।

    वहीं, बीजेपी नेता सी. आर. केशवन ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को करोड़ों भगवान मुरुगन भक्तों की आस्था की जीत बताया। उन्होंने राज्य सरकार पर तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री विजय से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।

    दरअसल, पूरा विवाद तमिलनाडु के मदुरै जिले में स्थित तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर है। धार्मिक परंपरा के अनुसार, इस स्थान पर दीपक जलाने की मांग की जा रही थी। इससे पहले 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को एक बार की अंतरिम व्यवस्था के तहत दीपथून पर दीपक जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, आदेश के बावजूद दीपक विवादित स्तंभ पर नहीं जलाया गया और केवल उचैपिल्लैयार मंडपम में ही पारंपरिक दीपक जलाया गया।

    इसके बाद मामला दोबारा सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। शुक्रवार को जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने निर्देश दिया कि शनिवार को उचैपिल्लैयार मंडपम में प्रज्वलित की गई लौ से ही दीपथून पर पारंपरिक दीपक जलाया जाए। अदालत ने पहले दिए गए आदेश का पालन नहीं किए जाने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), मदुरै के जिलाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया।

    इस घटनाक्रम के बाद तमिलनाडु की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। अब देखना होगा कि राज्य सरकार और संबंधित अधिकारी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर क्या जवाब देते हैं और इस धार्मिक विवाद पर आगे क्या रुख अपनाते हैं।

    Loading

    Comments are off for this post.