Last updated: August 7th, 2026 at 08:11 am

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर नए और कड़े मानक लागू कर दिए हैं। हाल के विदेशी दौरों के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस और फील्डिंग पर उठे सवालों के बाद बोर्ड ने फिटनेस टेस्ट की प्रक्रिया को और सख्त बनाने का फैसला किया है।
नए नियमों के तहत अब हर खिलाड़ी को टीम में चयन के लिए दो चरणों वाले फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा। पहले की तरह केवल Bronco Test ही नहीं, बल्कि इसके तुरंत बाद 2 किलोमीटर की दौड़ भी तय समय सीमा के भीतर पूरी करनी होगी।
BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) द्वारा तय किए गए मानकों के अनुसार खिलाड़ियों को 2 किलोमीटर की दौड़ 9 से 10 मिनट के भीतर पूरी करनी होगी। वहीं Bronco Test की समय सीमा भी पहले की तुलना में कम कर दी गई है। अब खिलाड़ियों को यह टेस्ट लगभग 5 मिनट 15 से 5 मिनट 20 सेकेंड के अंदर पूरा करना होगा।
बताया जा रहा है कि हाल के महीनों में कुछ खिलाड़ियों की फिटनेस और बार-बार चोटिल होने की घटनाओं ने बोर्ड की चिंता बढ़ाई थी। इसी वजह से अब फिटनेस मानकों में किसी तरह की ढील नहीं देने का फैसला लिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले कुछ खिलाड़ियों को फिटनेस क्लियरेंस देने को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद BCCI ने स्पष्ट कर दिया है कि अब सभी खिलाड़ियों के लिए एक समान और कड़े फिटनेस मानदंड लागू होंगे। साथ ही खिलाड़ियों के वजन और शारीरिक क्षमता की भी नियमित निगरानी की जाएगी।
बोर्ड का मानना है कि बेहतर फिटनेस से खिलाड़ियों का प्रदर्शन सुधरेगा, चोटों की संख्या कम होगी और टीम की फील्डिंग व मैच फिटनेस में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
![]()
Comments are off for this post.