Last updated: October 6th, 2025 at 05:01 pm

रोहतास, 5 अक्टूबर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारी के क्रम में सोमवार को पटना स्थित ताज होटल में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ के साथ संवाद किया गया एवं उन्हें सम्मानित किया गया।
बैठक में राज्यभर से चयनित बीएलओ को आमंत्रित किया गया था, जिनमें रोहतास जिले के पांच बीएलओ भी शामिल हुए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बिहार राज्य में निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची तैयार करने का कार्य अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण एवं लोकतंत्र की नींव से जुड़ा हुआ है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी बीएलओ को आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में भी पूरी तन्मयता, निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, इसलिए प्रत्येक बीएलओ अपने क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर रोहतास जिले के पांच बीएलओ — श्री पुरुषोत्तम कुमार अकेला, श्री मिथिलेश कुमार, सुश्री पुष्पा रानी, श्री सुनील कुमार एवं श्रीमती उर्मिला देवी — को उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु माननीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित बीएलओ ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है और यह उन्हें आगामी निर्वाचन कार्यों में और अधिक निष्ठा एवं लगन के साथ योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।
बैठक में बिहार राज्य के विभिन्न जिलों के निर्वाचन पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी अधिकारियों से विधानसभा चुनाव की तैयारियों को पूरी तत्परता से पूर्ण करने और मतदाता सुविधाओं के लिए हर स्तर पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
![]()
No Comments