Last updated: October 17th, 2025 at 03:48 am

सासाराम (रोहतास),
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के सफल, शांतिपूर्ण, भयमुक्त एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों सहित सभी कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी महोदया ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कोषांगों के पदाधिकारी अपने-अपने कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव देश का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक पर्व है और इसे निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई क्षम्य नहीं होगी।
बैठक के दौरान ईवीएम–VVPAT प्रबंधन, सशक्त मतदाता जागरूकता अभियान (SVEEP), परिवहन, कार्मिक, मतगणना, नियंत्रण कक्ष, संचार, ऑब्जर्वर कोषांग, वेबकास्टिंग, सुरक्षा व्यवस्था, माइक्रो ऑब्जर्वर, मीडिया कोषांग, रिसीविंग सेंटर, डिस्पैच सेंटर, सी-विजिल, सोशल मीडिया और कॉल सेंटर (1950) सहित सभी महत्वपूर्ण प्रकोष्ठों की कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
डीएम ने निर्देश दिया कि सभी कोषांगों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्व को समयबद्ध ढंग से पूरा करें ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा या व्यवधान उत्पन्न न हो सके।
जिला पदाधिकारी ने यह भी कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने यह भी जोड़ा कि मतदान के दिन प्रत्येक व्यवस्था सुदृढ़ और संवेदनशील होनी चाहिए, जिससे मतदाताओं में विश्वास का माहौल बने और पूरा जिला निष्पक्ष मतदान का उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
![]()
No Comments