Last updated: October 25th, 2025 at 01:55 am

सासाराम। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर रोहतास जिले में मतदाता जागरूकता अभियान पूरे उत्साह और जोश के साथ चलाया जा रहा है। जिले के विभिन्न प्रखंडों में जीविका दीदियों के नेतृत्व में मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराने के लिए रैली, शपथ कार्यक्रम, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
जिले के तोरणी में शुक्रवार को जीविका दीदियों द्वारा शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और मतदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। दीदियों ने एक स्वर में कहा कि “हम सब मतदान करेंगे, और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।”
वहीं, दावथ प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल जीविका दीदियों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर मतदान के प्रति नारे लगाए और गांव-गांव घूमकर लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इसी तरह करगहर एवं संझौली प्रखंडों में भी जीविका के सीएम, सीएनआरपी और वीआरपी की टीम ने शपथ कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर ग्रामीणों ने ईमानदारीपूर्वक मतदान करने, किसी प्रलोभन में न आने और राज्य को मजबूत बनाने के लिए अपने मत का प्रयोग करने का संकल्प लिया।
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत रोहतास महिला पर्यवेक्षक सेविका सहायिका की ओर से रंगोली और मेहंदी कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं ने रंगोली के माध्यम से मतदान की अपील करते हुए आकर्षक नारे और प्रतीक बनाए। वहीं, कई महिलाओं ने हाथों में मेहंदी रचाकर मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान जीविका दीदियों ने लोगों से कहा कि एक वोट का महत्व बहुत बड़ा होता है, इसलिए हर मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचकर अपने मत का प्रयोग करना चाहिए।
जिला प्रशासन की ओर से भी जीविका के इस अभियान की सराहना की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी से मतदाताओं में नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार हुआ है।
इस व्यापक जनजागरण अभियान का असर अब गांवों और शहरों दोनों जगह दिखने लगा है। लोगों में मतदान को लेकर उत्साह बढ़ा है। जीविका दीदियों के अथक प्रयासों से यह उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी 11 नवंबर को होने वाले मतदान में रोहतास जिला रिकॉर्ड तोड़ मतदान कर एक नया इतिहास रचेगा।
![]()
No Comments