Last updated: October 16th, 2025 at 08:58 am

सासाराम (रोहतास)। विधानसभा चुनाव को लेकर सासाराम सीट पर अब मुकाबला और दिलचस्प होता जा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने सासाराम विधानसभा क्षेत्र (208) से अधिवक्ता एवं समाजसेवी आशुतोष सिंह को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने उन्हें घड़ी छाप सिंबल से चुनाव मैदान में उतारा है।
एनसीपी के बिहार किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रहने के साथ ही आशुतोष सिंह लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनके जनसंपर्क, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के अनुभव को देखते हुए उन्हें सासाराम सीट से उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है। आशुतोष सिंह 17 अक्टूबर 2025 (शुक्रवार) को दिन के 1 बजे सासाराम अनुमंडल कार्यालय (कचहरी परिसर) में नामांकन दाखिल करेंगे।
आशुतोष सिंह 2020 के विधानसभा चुनाव में भी सासाराम सीट से एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे थे। वे अपने जुझारू स्वभाव, आंदोलनकारी छवि और ईमानदार राजनीति के लिए क्षेत्र में पहचाने जाते हैं। स्थानीय स्तर पर युवाओं और सामाजिक संगठनों के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
एनसीपी प्रत्याशी घोषित होने के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि आशुतोष सिंह सासाराम की जनता के सच्चे प्रतिनिधि हैं और वे इस बार क्षेत्र में विकास, शिक्षा, रोजगार और न्याय के मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे।
सासाराम की जनता में यह चर्चा तेज है कि अधिवक्ता से नेता बने आशुतोष सिंह इस बार चुनावी मुकाबले में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएंगे। एनसीपी के इस फैसले के बाद सासाराम विधानसभा की राजनीतिक समीकरण में नया मोड़ आ गया है।
![]()
No Comments