Last updated: October 16th, 2025 at 08:50 am

डिहरी (रोहतास)। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार डेहरी विधानसभा सीट पर एनडीए गठबंधन का सस्पेंस समाप्त हो गया है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने प्रदेश महासचिव राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित करते हुए पार्टी का सिंबल सौंप दिया है। इस घोषणा के साथ ही क्षेत्र में एनडीए समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है।
पार्टी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम लोजपा (रामविलास) के केंद्रीय नेतृत्व ने औपचारिक रूप से राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह के नाम की घोषणा की। सिंबल मिलने के बाद उन्होंने समर्थकों के बीच पहुंचकर जनता का आभार जताया और कहा कि डेहरी की जनता ने हमेशा उन्हें अपार स्नेह दिया है, अब समय है उस विश्वास को विकास और सेवा के माध्यम से लौटाने का।
राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह ने कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की विकास नीति से प्रेरित होकर जनता के बीच जाएंगे। उनका लक्ष्य डेहरी को शिक्षा, रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में नए मुकाम तक पहुंचाना है।
सिंबल मिलने की खबर फैलते ही लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी मनाई। समर्थकों ने नारे लगाए — “सोनू सिंह जिंदाबाद, डेहरी में विकास जारी है”।
एनडीए के इस फैसले से अब डेहरी सीट पर चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। जानकारों का मानना है कि सोनू सिंह के मैदान में उतरने से एनडीए का समीकरण और मजबूत होगा तथा डेहरी में मुकाबला अब और दिलचस्प हो गया है।
![]()
No Comments