Last updated: October 8th, 2025 at 03:02 am

डीएम कार्यालय में 24 घंटे सक्रिय रहेगा कम्प्लेन मॉनिटरिंग-सह-हेल्पलाइन कोषांग; सी-विजिल ऐप से आचार संहिता उल्लंघन पर त्वरित शिकायत संभव
सासाराम। विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कम्प्लेन मॉनिटरिंग-सह-जिला नियंत्रण कक्ष-सह-हेल्पलाइन कोषांग को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। कोषांग की नोडल पदाधिकारी विनिता कुमारी ने बताया कि आम मतदाता और नागरिक गहन पुनरीक्षण, मतदाता सूची या वोटर कार्ड से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए सरकार द्वारा जारी टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
यह हेल्पलाइन चुनाव कार्य की समाप्ति तक चौबीसों घंटे (24×7) संचालित रहेगी, ताकि नागरिकों की हर शिकायत या जानकारी का त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि अब तक वोटर कार्ड संबंधी कुल 227 आवेदन एनजीएसपी (National Grievance Service Portal) के माध्यम से प्राप्त हुए हैं, जिनका शत-प्रतिशत निष्पादन किया जा चुका है।
विनिता कुमारी ने कहा कि 1 फरवरी 2025 से 7 अक्टूबर 2025 तक हेल्पलाइन नंबर 1950 पर 1314 लोगों को दूरभाष के माध्यम से सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह हेल्पलाइन आम मतदाताओं के लिए एक प्रभावी माध्यम के रूप में कार्य कर रही है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुगमता बनी हुई है।
उन्होंने आगे बताया कि इस कोषांग में सी-विजिल (cVIGIL) प्रणाली भी सक्रिय है। इसके माध्यम से नागरिक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की स्थिति में किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरुद्ध तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत दर्ज होते ही प्रशासन द्वारा सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाती है। सी-विजिल ऐप और वीजीआईएल पोर्टल के जरिए आम जनता को निष्पक्ष चुनाव की निगरानी में सीधे तौर पर भागीदार बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की शिकायत, सुझाव या सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1950 का उपयोग करें और निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निर्भीक और लोकतांत्रिक बनाए रखने में सहयोग करें।
![]()
No Comments