Last updated: November 20th, 2025 at 04:44 am

रोहतास: रोहतास जिले के चेनारी प्रखंड स्थित किनरचोला गांव में मंगलवार को विवादित जमीन पर धान की कटनी को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि दोनों आमने–सामने भिड़ गए। सूत्रों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों द्वारा दर्जनों राउंड गोलियां चलाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने गोली चलने की घटना से इंकार किया है, जबकि स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। मौके पर डीसीएलआर सासाराम, एसडीपीओ वन सासाराम दिलीप कुमार, सीओ पूजा शर्मा, चेनारी थानाध्यक्ष रंजन कुमार सहित कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने विवादित भूमि पर तनाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
बताया जाता है कि किनरचोला गांव में बिहार सरकार की लगभग 99 एकड़ भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। मंगलवार को इसी विवादित भूमि पर धान कटनी को लेकर दोनों पक्ष फिर आमने–सामने हो गए। पुलिस की तत्परता से किसी बड़ी घटना को होने से रोक लिया गया।
प्रशासन के मुताबिक स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और मामले की जांच जारी है। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ कर रही है।
No Comments