Last updated: February 22nd, 2026 at 06:36 am

देहरादून । गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा के बजट सत्र को लेकर प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। 9 से 13 मार्च तक आयोजित होने वाले इस सत्र में सुरक्षा, अनुशासन और सुचारु संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। देहरादून स्थित विधानसभा भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में ऋतु खंडूड़ी भूषण ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सत्र की गरिमा बनाए रखें।
सीमित आगंतुक पास की व्यवस्था
सत्र के दौरान अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब किसी विधायक की संस्तुति पर केवल एक आगंतुक और मंत्री की संस्तुति पर अधिकतम दो आगंतुकों को ही प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, विधानसभा कर्मचारी भी बिना वैध वाहन पास के परिसर में वाहन नहीं ला सकेंगे।
आपात सेवाओं को अलर्ट
बैठक में अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाइयों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
युवाओं को मिलेगा सदन देखने का अवसर
सत्र के दौरान विद्यालय और महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से परिचित कराना है।
वेबकास्टिंग और पारदर्शिता पर जोर
सदन की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग और वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि आमजन घर बैठे सत्र की गतिविधियों से जुड़ सकें। इससे पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा और जनता को बजट सत्र की कार्यवाही की प्रत्यक्ष जानकारी मिल सकेगी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट सत्र राज्य के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा का मंच है, इसलिए इसकी गरिमा बनाए रखना सभी संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
![]()
Comments are off for this post.