Last updated: December 29th, 2025 at 12:50 pm

नए साल के मौके पर वाराणसी में भारी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन का प्लान तैयार किया है। खास तौर पर गंगा घाटों, नमो घाट और काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में भीड़ बढ़ने पर यह व्यवस्था लागू की जाएगी। पुलिस का कहना है कि डायवर्जन को अंतिम विकल्प के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा, फिलहाल सभी वाहन सामान्य रूप से चलते रहेंगे।
भीड़ बढ़ने पर लागू होगा डायवर्जन प्लान
एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि 29 दिसंबर से 5 जनवरी तक नमो घाट पर अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में डायवर्जन लागू किया जा सकता है। पड़ाव चौराहे से राजघाट पुल की ओर तीन और चार पहिया वाहनों का संचालन बंद रहेगा। इन वाहनों को नमो घाट की ओर जाने से रोका जाएगा और उन्हें पड़ाव तथा रामनगर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। गंगा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।
काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में बदली जाएगी यातायात व्यवस्था
भीड़ की स्थिति में काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। अमर उजाला जगतगंज तिराहा, लहुराबीर, मैदागिन, विशेश्वरगंज और गोलगड्डा तक बड़े चार पहिया वाहन जैसे टेंपो ट्रेवलर और आर्मेनिया का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। ऐसे वाहनों को लकड़मंडी और तेलियाबाग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा रविंद्रपुरी स्थित बाबा कीनाराम मठ, ब्रॉडवे तिराहा, अग्रवाल तिराहा, सोनारपुरा और गोदौलिया की तरफ भी बड़े वाहनों की एंट्री नहीं होगी।
गोलगड्डा से विशेश्वरगंज की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा और इन्हें राजघाट की तरफ मोड़ा जाएगा। भेलूपुर से सोनारपुरा की ओर किसी भी प्रकार के वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी, इन वाहनों को ब्रॉडवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
नमो घाट क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण के लिए सूजाबाद पड़ाव चौराहे से किसी भी प्रकार के तीन और चार पहिया वाहन राजघाट की ओर नहीं जाएंगे। गोलगड्डा तिराहे से नमो घाट की तरफ चार पहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इन वाहनों को लकड़मंडी की ओर भेजा जाएगा।
अस्सी और रविदास घाट के लिए अलग डायवर्जन
अस्सी और रविदास घाट जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहे से अस्सी की ओर किसी भी प्रकार के चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे और इन्हें रविदास गेट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। नगवा चौराहे से रविदास घाट और अस्सी घाट की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यहां से वाहनों को ट्रॉमा सेंटर की ओर भेजा जाएगा। पद्मश्री चौराहे से अस्सी जाने वाले वाहनों को रविंद्रपुरी की ओर मोड़ा जाएगा।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने शहरवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की यातायात असुविधा होने पर ट्रैफिक कंट्रोल हेल्पलाइन नंबर 7317202020 पर संपर्क किया जा सकता है। नए साल के दौरान सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
![]()
No Comments