Last updated: April 10th, 2026 at 02:31 pm

उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब श्रद्धालुओं से भरी एक मोटर बोट यमुना नदी में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब से आए श्रद्धालुओं का एक बड़ा जत्था सुबह वृंदावन पहुंचा था। दर्शन के बाद ये सभी लोग यमुना में घूमने के लिए निकले थे। Keshi Ghat से 32 लोग एक मोटर बोट पर सवार हुए और नदी में आगे बढ़े, लेकिन मांट थाना क्षेत्र के पास पहुंचते ही बोट पैंटून पुल से टकरा गई और असंतुलित होकर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि सभी लोग नदी में गिर गए।
हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक 10 लोगों के शव नदी से निकाले जा चुके हैं, जबकि 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बाकी लोगों की तलाश के लिए गोताखोर लगातार यमुना में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। घटनास्थल पर कई एंबुलेंस तैनात हैं और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना और SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। बचाव कार्य तेजी से जारी है, ताकि लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजा जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, अभी भी कुछ लोग लापता हैं और उनकी संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है।
डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 12 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। बाकी लोगों की तलाश जारी है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
यह घटना एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर रही है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। फिलहाल सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही लापता लोगों का पता चल सकेगा।
![]()
Comments are off for this post.