Last updated: October 17th, 2025 at 03:53 am

सासाराम, 16 अक्टूबर :
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर गुरुवार को बाल विकास परियोजना (ICDS) के अंतर्गत सासाराम में मतदाता जागरूकता अभियान बड़े उत्साह के साथ चलाया गया। इस अभियान में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। शहर की विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाओं ने अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता जागरूकता का संदेश फैलाने के लिए विशेष पहल की।
अभियान के दौरान सेविकाओं ने रंगोली बनाकर मतदान का महत्व दर्शाया, वहीं दूसरी ओर महिलाओं ने मतदाता गीतों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया। गीतों में मतदान को अधिकार और जिम्मेदारी दोनों बताया गया, जिसे सुनकर लोगों में जागरूकता और उत्साह का माहौल दिखा। रंग-बिरंगी रंगोलियों और नारों के बीच सासाराम के कई वार्डों में महिलाओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने एक स्वर में मतदान की शपथ ली और यह संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगी और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगी। शपथ ग्रहण के दौरान “हम सबका एक ही नारा, वोट करें बिहार हमारा” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
बाल विकास परियोजना (ICDS) के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में जागरूकता लाना है। उन्होंने कहा कि सेविकाओं द्वारा की गई यह पहल गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले तक लोकतंत्र की आवाज पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।
महिलाओं की बढ़ती सक्रियता और उत्साहपूर्ण भागीदारी से यह संकेत स्पष्ट है कि इस बार सासाराम और आसपास के क्षेत्रों में रिकॉर्ड मतदान दर्ज हो सकता है। अभियान में महिलाओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों और युवाओं ने भी सक्रिय रूप से सहयोग दिया।
![]()
No Comments