Human Live Media

HomeNewsयोगी आदित्यनाथ ने सपा को घेरा, बोले- पुराने कामकाज का हिसाब दें विपक्षी दल, 9.5 लाख नौकरियों का किया दावा

योगी आदित्यनाथ ने सपा को घेरा, बोले- पुराने कामकाज का हिसाब दें विपक्षी दल, 9.5 लाख नौकरियों का किया दावा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उसके घोषणापत्र और पुराने शासनकाल को
images – 2026-11-27T195917.668

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उसके घोषणापत्र और पुराने शासनकाल को लेकर सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार, 27 नवंबर को गोंडा में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे करने वाले विपक्षी दलों से उनके पुराने कार्यकाल का हिसाब जरूर मांगें। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाएं करने से विकास नहीं होता, बल्कि इसके लिए ठोस काम और स्पष्ट सोच जरूरी है।

Table of Contents

    शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विपक्षी दलों से पूछा जाना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने युवाओं को कितनी नौकरियां दीं, किसानों के लिए क्या किया और महिलाओं के हित में कौन से फैसले लिए।

    मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर नकल माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया और वसूली करने वाले गिरोहों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ जैसी बन गई थी।

    मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के रोजगार संबंधी कामकाज का जिक्र करते हुए दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं को अपनी पहचान बताने में भी मुश्किल होती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। योगी के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में भाजपा सरकार ने 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र उनकी मेहनत और योग्यता का परिणाम हैं, किसी की सिफारिश का नहीं।

    योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार के लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही परिवार है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता को सिर्फ नए वादों पर भरोसा नहीं करना चाहिए, बल्कि राजनीतिक दलों से उनके पुराने कामकाज का भी जवाब लेना चाहिए।

    गोंडा और देवीपाटन मंडल के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र के लिए करीब 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। उन्होंने गोंडा में मेडिकल कॉलेज, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज के निर्माण तथा श्रावस्ती में एयरपोर्ट को विकास की उपलब्धियों के रूप में गिनाया। उन्होंने यह भी कहा कि 2017 से पहले इन जिलों की स्थिति काफी पिछड़ी हुई थी।

    युवाओं को रोजगार से जोड़ने की योजनाओं पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप का माहौल विकसित हो रहा है। अब युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं। उन्होंने हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन स्थापित करने की योजना का जिक्र किया।

    इन केंद्रों के जरिए युवाओं को प्रशिक्षण देकर उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसके अलावा जापान और जर्मनी में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं को विदेशी भाषा का प्रशिक्षण देकर विदेश भेजने की योजना भी बताई। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह समेत कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

    Loading

    Comments are off for this post.