Last updated: June 28th, 2026 at 01:34 pm

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी 11 जुलाई को बिहार की राजधानी पटना का दौरा करेंगे। इस दौरान वह छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर आयोजित एक बड़े छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम इंडियन यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के संयुक्त अभियान ‘छात्रों की गूंज’ के तहत आयोजित किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने राज्य स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। राहुल गांधी ने पार्टी के महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और विभिन्न सहयोगी संगठनों के प्रमुखों को पत्र लिखकर अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।
अपने पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवा कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, सरकारी नौकरियों की कमी, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा के बढ़ते खर्च को युवाओं के सामने खड़ी प्रमुख समस्याएं बताया।
राहुल गांधी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना और छात्रों की आवाज को मजबूत मंच प्रदान करना है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें और उन पर आर्थिक व मानसिक दबाव कम हो।
बिहार कांग्रेस के सूचना एवं पत्राचार विभाग के प्रभारी असित नाथ तिवारी ने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दे लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों और अन्य समस्याओं पर सरकार अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी का यह दौरा छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि इस सम्मेलन के माध्यम से शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
11 जुलाई को पटना में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और बड़ी संख्या में छात्रों व युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
![]()
Comments are off for this post.