Last updated: July 4th, 2026 at 04:04 am

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की 6 जुलाई को प्रस्तावित बैठक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोपहर 3 बजे मणिराम दास छावनी में होने वाली इस बैठक में ट्रस्ट के कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक के एजेंडे में सबसे पहले ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के कथित इस्तीफों पर चर्चा की जा सकती है। इसके अलावा मंदिर के दान-पात्रों से प्राप्त चढ़ावे की गणना से जुड़े मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) की अंतरिम रिपोर्ट पर भी विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक से पहले जारी एजेंडा पत्र को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि के नाम से जारी सूचना पत्र पर हस्ताक्षर या डिजिटल हस्ताक्षर नहीं हैं। इससे पहले इस्तीफों से संबंधित पत्रों को लेकर भी इसी तरह के सवाल सामने आए थे, जिसके बाद दस्तावेजों की प्रामाणिकता पर चर्चा शुरू हो गई है।
बैठक में मंदिर प्रशासन की नई व्यवस्था, रिक्त पदों पर नियुक्ति और अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी मंथन हो सकता है।
इस बीच ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के लखनऊ में उपचाराधीन होने के कारण बैठक की अध्यक्षता कौन करेगा, इस पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में 6 जुलाई की यह बैठक कई अहम फैसलों और चर्चाओं के कारण विशेष महत्व रखती है।
![]()
Comments are off for this post.