Last updated: August 11th, 2026 at 09:17 am

भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी को अमेरिका में चल रहे आपराधिक मामले में बड़ी राहत मिली है। न्यूयॉर्क की संघीय अदालत ने अदाणी और अन्य आरोपियों के खिलाफ चल रहे रिश्वत तथा धोखाधड़ी से जुड़े आपराधिक मामले को खारिज करने की मंजूरी दे दी है। यह मामला नवंबर 2024 में अमेरिकी अभियोजकों की ओर से दर्ज किया गया था।
क्या था पूरा मामला?
अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने गौतम अदाणी, उनके भतीजे सागर अदाणी और कुछ अन्य लोगों पर आरोप लगाया था कि भारत में रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स से जुड़े कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए कथित तौर पर भारतीय अधिकारियों को करीब 250 मिलियन डॉलर की रिश्वत देने की योजना बनाई गई।
अमेरिकी अधिकारियों का एक आरोप यह भी था कि अमेरिकी निवेशकों से फंड जुटाते समय कथित रिश्वत से जुड़ी जानकारी को छिपाया गया और गलत जानकारी दी गई। हालांकि, अदाणी और अदाणी समूह ने इन आरोपों को खारिज किया था।
कोर्ट ने केस खत्म करने को दी मंजूरी
10 अगस्त 2026 को ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ न्यूयॉर्क के जज निकोलस गराउफिस ने मामले को समाप्त करने की मंजूरी दी। इसके साथ ही इस आपराधिक मामले में अमेरिका में अदाणी के खिलाफ आगे की कार्यवाही रुक गई है।
अमेरिकी न्याय विभाग ने इससे पहले केस को आगे नहीं बढ़ाने की मांग की थी। विभाग की ओर से दलील दी गई कि मामले में अधिकांश सबूत और गवाह भारत में हैं। आरोपियों के विदेश में रहने और अमेरिकी अदालत के समक्ष उनकी मौजूदगी से जुड़ी परिस्थितियों को भी अभियोजन आगे न बढ़ाने के कारणों में शामिल किया गया।
जज ने पहले भी मांगा था स्पष्टीकरण
मामले को खत्म करने की सरकार की मांग पर अदालत ने तुरंत फैसला नहीं दिया था। जून 2026 में जज गराउफिस ने न्याय विभाग से इस कदम के पीछे की वजहों को स्पष्ट करने को कहा था। अब केस खारिज करने के आदेश में भी अदालत की ओर से न्याय विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के रवैये को लेकर टिप्पणी की गई है।
फैसले के बाद गौतम अदाणी की प्रतिक्रिया
अदाणी ने सोशल मीडिया पर अमेरिकी अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए न्यायिक प्रक्रिया के प्रति सम्मान जताया। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय के दौरान भी उनका भरोसा सच्चाई, निष्पक्षता और कानून के शासन में बना रहा।
उन्होंने अपने समर्थकों और उन लोगों का भी आभार जताया जिन्होंने इस दौरान उन पर और न्याय व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखा। अदाणी ने कहा कि उनका ध्यान आगे भी देश के लिए काम करने और लंबे समय तक प्रभाव छोड़ने वाली वैल्यू तैयार करने पर रहेगा।
अब आगे क्या?
अमेरिकी अदालत के इस फैसले के बाद इस मामले में अदाणी के खिलाफ आपराधिक मुकदमे की आगे की कार्यवाही नहीं होगी। हालांकि, अदालत के आदेश में न्याय विभाग की प्रक्रिया को लेकर की गई टिप्पणियां भी इस मामले को चर्चा में बनाए रख सकती हैं।
![]()
Comments are off for this post.