Human Live Media

HomeNewsपैकेज्ड फूड की तारीखों से छेड़छाड़ का खुलासा, नवी मुंबई में ₹75 लाख से ज्यादा का सामान जब्त

पैकेज्ड फूड की तारीखों से छेड़छाड़ का खुलासा, नवी मुंबई में ₹75 लाख से ज्यादा का सामान जब्त

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खाद्य सुरक्षा विभाग (FDA) और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में पैकेज्ड खाद्य पदार्थों की
images – 2026-09-01T161651.287

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खाद्य सुरक्षा विभाग (FDA) और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में पैकेज्ड खाद्य पदार्थों की तारीख और लेबल में कथित हेरफेर का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने एक परिसर से करीब ₹75.52 लाख मूल्य के खाद्य और पेय पदार्थ जब्त किए हैं। आरोप है कि पुराने या एक्सपायरी के करीब पहुंच चुके उत्पादों की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी/यूज बाय डेट बदलकर उन्हें दोबारा बाजार में भेजने की तैयारी की जा रही थी।

Table of Contents

    छापेमारी में क्या मिला?

    FDA और नवी मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने 24 से 29 अगस्त के बीच तुर्भे टीटीसी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित साधना एंटरप्राइजेज के परिसर में कार्रवाई की। जांच के दौरान अधिकारियों को ऐसे उपकरण और सामग्री मिली, जिनके जरिए पैकेज पर दर्ज पुरानी तारीख हटाकर नई तारीख प्रिंट करने का कथित प्रयास किया जा रहा था।

    मौके से इंकजेट प्रिंटर, थिनर और तैयार स्टिकर भी बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार, कुछ उत्पादों को दोबारा पैक करने और उनकी मूल जानकारी में बदलाव करने के बाद बिक्री या निर्यात के लिए तैयार किया जा रहा था।

    75 लाख रुपये से ज्यादा का सामान जब्त

    FDA के मुताबिक, कार्रवाई में 8,442 कार्टन जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹75,21,269 है। इसके अतिरिक्त लगभग ₹30,600 मूल्य के बिना लेबल वाले और एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद भी मिले। इस तरह जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब ₹75.52 लाख बताया गया है।

    इन लोकप्रिय ब्रांड्स के उत्पाद भी मिले

    जांच के दौरान कई जाने-पहचाने ब्रांड के खाद्य और पेय पदार्थ बरामद हुए। इनमें Lay’s, Kurkure, Maggi, Fun Flips, Knorr, Rसोई, Hellmann’s, Thums Up और Limca जैसे उत्पाद शामिल बताए गए हैं।

    हालांकि, FDA की कार्रवाई इन ब्रांड कंपनियों के खिलाफ नहीं बताई गई है। मामला उस परिसर और संबंधित कारोबारियों से जुड़ा है, जहां उत्पादों की तारीख और लेबल के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की जा रही थी।

    लेबल बदलने का भी आरोप

    अधिकारियों के अनुसार, कुछ पैकेजों पर मौजूद मूल सामग्री और पोषण संबंधी लेबल हटाकर उनकी जगह नए स्टिकर लगाए जा रहे थे। इससे उत्पाद से संबंधित जरूरी जानकारी में बदलाव या उसे छिपाए जाने की आशंका जताई गई है।

    खाद्य सुरक्षा के लिहाज से यह गंभीर विषय है, क्योंकि ग्राहक किसी उत्पाद की गुणवत्ता, वैधता और इस्तेमाल की अवधि जानने के लिए पैकेट पर दी गई जानकारी पर निर्भर करता है।

    लाइसेंस निलंबित, FIR दर्ज

    कार्रवाई के बाद FDA ने साधना एंटरप्राइजेज का फूड लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इसके अलावा तुर्भे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले की जांच अभी जारी है।

    पैकेज्ड फूड खरीदते समय रहें सावधान

    इस कार्रवाई के बाद उपभोक्ताओं के लिए भी सतर्क रहना जरूरी है। पैकेज्ड सामान खरीदते समय मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी/यूज बाय डेट, MRP, सामग्री और पैकेजिंग को ध्यान से जांचें। अगर किसी पैकेट पर तारीख धुंधली हो, नया स्टिकर लगा हो या डेट के साथ छेड़छाड़ के संकेत दिखाई दें, तो ऐसे उत्पाद को खरीदने से बचना बेहतर है।

    Loading

    Comments are off for this post.