Last updated: September 2nd, 2026 at 06:55 pm

पटना: अभिनेत्री स्वरा भास्कर की फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर दृश्य को लेकर की गई टिप्पणी अब पुलिस शिकायत तक पहुंच गई है। पटना के कोतवाली थाने में बीजेपी नेता कृष्णा सिंह उर्फ कल्लू ने अभिनेत्री के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने उनकी टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने लगाया भावनाएं आहत करने का आरोप
कृष्णा सिंह कल्लू का कहना है कि स्वरा भास्कर की टिप्पणी से समाज के एक वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने क्षत्रिय महिलाओं के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए अभिनेत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
बीजेपी नेता ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार अपनी जगह है, लेकिन किसी समुदाय या वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी उचित नहीं मानी जा सकती।
आक्रोश मार्च निकालने की बात
शिकायत दर्ज कराने के बाद कृष्णा सिंह ने कहा कि मामले को लेकर जल्द ही आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर कानूनी रास्ता अपनाते हुए अदालत का रुख किया जा सकता है। पुलिस की ओर से शिकायत की जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिए जाने की बात शिकायतकर्ता ने कही है।
31 अगस्त के कार्यक्रम में दिया था बयान
यह विवाद 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘वुमन, लाइफ, फ्रीडम’ कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। यहां स्वरा भास्कर ने फिल्म ‘पद्मावत’ में दिखाए गए जौहर के दृश्य का जिक्र किया था।
उन्होंने सवाल उठाया था कि ऐसे चित्रण से यौन हिंसा से बचे लोगों तक किस तरह का संदेश पहुंच सकता है। स्वरा ने इस बात पर सवाल किया कि क्या किसी महिला के साथ यौन हिंसा होने के बाद उसके जीवन को समाप्त मान लिया जाना चाहिए या उसे जीने के अधिकार से वंचित समझा जाना चाहिए।
अब पुलिस जांच पर नजर
स्वरा भास्कर की टिप्पणी को लेकर पटना में शिकायत दर्ज होने के बाद अब पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। शिकायत पर आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है, यह पुलिस की जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर तय होगा।
![]()
Comments are off for this post.