Last updated: September 6th, 2026 at 03:42 pm

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दाहिने हाथ पर नजर आए चोट के निशान की नई तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ट्रंप की सेहत को लेकर सवाल उठा रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि इस बार निशान पहले की तुलना में ज्यादा गहरा दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि ये तस्वीरें एक-दो दिन पुरानी हैं।
ट्रंप पहले ही दे चुके हैं चोट के निशान पर सफाई
हाथ पर निशान को लेकर ट्रंप और व्हाइट हाउस पहले भी स्पष्टीकरण दे चुके हैं। ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि उनका हाथ मेज से टकरा गया था और इसके बाद उन्होंने उस जगह पर क्रीम लगाई थी। उन्होंने अपनी सेहत को लेकर कहा था कि वह बिल्कुल ठीक हैं।
एस्पिरिन को भी बताया वजह
ट्रंप ने यह भी बताया था कि वह दिल की सेहत को लेकर रोजाना एस्पिरिन की अधिक मात्रा लेते हैं। उनके मुताबिक, एस्पिरिन लेने से शरीर पर चोट या नीले निशान अधिक स्पष्ट नजर आ सकते हैं।
ट्रंप ने कहा था कि उनके डॉक्टरों और टीम ने उन्हें बताया कि इसकी जरूरत नहीं है क्योंकि उनकी सेहत अच्छी है, लेकिन उन्होंने किसी तरह का जोखिम नहीं लेने के लिए एस्पिरिन लेना जारी रखा।
खून पतला करने वाली दवा से बढ़ सकता है निशान
एस्पिरिन का एक प्रभाव खून के थक्के बनने की प्रक्रिया को कम करना है। इसी वजह से चोट लगने पर त्वचा के नीचे होने वाला रक्तस्राव अधिक दिखाई दे सकता है और निशान सामान्य से ज्यादा स्पष्ट नजर आ सकता है।
व्हाइट हाउस भी ट्रंप के हाथ पर पहले नजर आए ऐसे निशानों के संदर्भ में उनके लगातार हाथ मिलाने और एस्पिरिन लेने को कारण बता चुका है। हालांकि, वायरल तस्वीरों के आधार पर ट्रंप की सेहत को लेकर कोई नई बीमारी या गंभीर स्वास्थ्य समस्या साबित नहीं होती है।
![]()
Comments are off for this post.