Last updated: September 6th, 2026 at 03:45 pm

दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के सत्य निकेतन इलाके में तीन मंजिला इमारत गिरने के हादसे के बाद कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना का जिक्र करते हुए भवन सुरक्षा जांच और छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
PM मोदी के DU कार्यक्रम का किया जिक्र
अभिषेक मनु सिंघवी ने अपने पोस्ट में कहा कि सत्य निकेतन में 6 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे तीन मंजिला इमारत ढह गई। उन्होंने हादसे से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली विश्वविद्यालय के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में हुए कार्यक्रम का भी उल्लेख किया।
सिंघवी ने कहा कि जहां प्रधानमंत्री ने विश्वविद्यालय और छात्रों की तारीफ की थी, वहीं अगले ही दिन साउथ कैंपस के पास एक पीजी इमारत के मलबे में छात्र फंस गए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रधानमंत्री खुद को दिल्ली विश्वविद्यालय का छात्र मानते हैं, तो भवन की सुरक्षा जांच व्यवस्था पर भी सवाल किए जाने चाहिए।
मौके पर NDRF की दो टीमें कर रहीं रेस्क्यू
इमारत गिरने के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। NDRF के इंस्पेक्टर जनरल एनएस बुंदेला के मुताबिक, घटनास्थल पर NDRF की दो टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं, जबकि दो अन्य टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है।
उन्होंने बताया कि NDRF के मौके पर पहुंचने के कुछ समय बाद तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। इनमें एक व्यक्ति होश में था, जबकि दो की हालत बेहोशी की थी।
कई एजेंसियां राहत अभियान में शामिल
रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF के साथ दिल्ली राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, दिल्ली फायर सर्विस और अन्य संबंधित एजेंसियां भी जुटी हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान की स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।
![]()
Comments are off for this post.