Last updated: September 11th, 2026 at 10:37 am

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर 2026 को होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। 11 से 13 सितंबर के बीच VIP मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था के कारण कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रण रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले यात्रियों को अपना रूट जरूर जांच लेने की सलाह दी गई है।
भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होने वाले सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई डायवर्जन पॉइंट और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जारी की है। 11 सितंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहने की जानकारी दी गई है।
इन प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा
सुरक्षा व्यवस्था के चलते सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, नीति मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एनक्लेव रोड समेत कई सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग डायवर्जन पॉइंट पर वैकल्पिक मार्ग भी बताए हैं। इनमें W-Point, A-Point, मीर दर्द चौक, कनॉट प्लेस, पटेल चौक, RML अस्पताल गोलचक्कर, धौला कुआं, मोती बाग, लोधी रोड, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर, मंडी हाउस और भैरों रोड जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।
रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए क्या है व्यवस्था?
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक रूट बताए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए मेट्रो बेहतर विकल्प
BRICS Summit के दौरान एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट पहुंचने के लिए मेट्रो सेवा का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
गुरुग्राम, द्वारका, नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से एयरपोर्ट जाने के लिए अलग-अलग सड़क मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। हालांकि VIP मूवमेंट के दौरान इन मार्गों पर भी ट्रैफिक नियंत्रण हो सकता है।
मेट्रो सेवा रहेगी सामान्य
दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सभी स्टेशनों पर चालू रहेंगी। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की सलाह दी है। VIP आवाजाही के समय बस रूट में अस्थायी बदलाव किया जा सकता है।
किन बातों का रखें ध्यान?
आपातकालीन और मेडिकल वाहनों को प्राथमिकता के साथ रास्ता दिया जाएगा। जरूरी वस्तुओं और आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति भी जारी रहेगी। बिना गंतव्य वाले गैर-जरूरी व्यावसायिक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक रहेगी।
इसके अलावा नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। वाहन केवल अधिकृत पार्किंग में ही खड़े करने होंगे। पुलिस ने लोगों से किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस अधिकारी को देने की अपील की है।
![]()
Comments are off for this post.