Last updated: September 13th, 2026 at 02:00 pm

पटना: बिहार में बाढ़ की गंभीर स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने NDA के सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार से 30 से ज्यादा सांसद और 7 केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद बाढ़ पीड़ितों के लिए केंद्र सरकार से पर्याप्त मदद नहीं मांगी जा रही है।
रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने बिहार की ‘डबल इंजन’ सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार तो डबल इंजन की है, लेकिन दोनों इंजनों में आग लगी हुई है। तेजस्वी ने दावा किया कि राज्य का खजाना खाली हो चुका है और इमरजेंसी फंड से पैसे निकाले जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री से विशेष मदद की मांग
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और केंद्र से विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोग पानी के बीच फंसे हुए हैं और मदद का इंतजार कर रहे हैं।
तेजस्वी ने गुजरात में आपदा की स्थिति को लेकर केंद्र की सक्रियता का जिक्र करते हुए बिहार के साथ कथित भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी बाढ़ के बावजूद बिहार को केंद्र से पर्याप्त सहायता क्यों नहीं मिल रही है।
पीएम मोदी को पत्र लिखने का दावा
तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और बिहार के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। हालांकि, तेजस्वी के मुताबिक, उनके पत्र का अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
NDA सांसदों और मंत्रियों पर ‘यूजलेस’ वाला तंज
तेजस्वी यादव ने बिहार के NDA सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि बिहार के पास 30 से ज्यादा सांसद और 7 केंद्रीय मंत्री हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई केंद्र सरकार से बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद मांगने की पहल नहीं कर रहा है।
उन्होंने NDA नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी में इतनी ‘हैसियत’ नहीं है कि वह बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए केंद्र से सहायता मांग सके। इसी दौरान उन्होंने NDA सांसदों और मंत्रियों को ‘यूजलेस’ करार दिया।
तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद बिहार में बाढ़ राहत और केंद्र-राज्य सरकार की भूमिका को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।
![]()
Comments are off for this post.