Last updated: September 16th, 2026 at 11:23 am

बिहार में समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर संविदा पर कार्यरत ANM ने बुधवार को JDU कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंची ANM स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर अपनी लंबे समय से लंबित मांगें रखने पहुंची थीं। मुलाकात नहीं होने पर प्रदर्शनकारी ANM ने आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा की गाड़ी को घेर लिया।
स्वास्थ्य मंत्री से मिलने पहुंची थीं ANM
प्रदर्शन कर रही ANM का कहना है कि उनकी नियुक्तियां वर्ष 2014 और उसके बाद हुई थीं। लंबे समय से सेवा देने के बावजूद वे अभी भी संविदा के आधार पर काम कर रही हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के मुकाबले कम मानदेय मिल रहा है।
ANM ने सरकार से समान काम के लिए समान वेतन देने और उनकी सेवा से जुड़ी मांगों पर जल्द फैसला लेने की अपील की।
मंत्री की गाड़ी के चारों ओर जुटी भीड़
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात नहीं होने के बाद प्रदर्शनकारी ANM नाराज हो गईं। इसी दौरान जब मंत्री रत्नेश सदा की गाड़ी JDU कार्यालय पहुंची, तो प्रदर्शनकारियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
गाड़ी के आसपास बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद होने के कारण कुछ समय के लिए कार्यालय परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हटाया और मंत्री की गाड़ी को वहां से रवाना कराया।
वर्षों से लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन
ANM ने कहा कि वे अपनी समस्याओं और वर्षों से लंबित मांगों को सरकार के सामने रखने के लिए स्वास्थ्य मंत्री से मिलना चाहती थीं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की है।
![]()
Comments are off for this post.