Human Live Media

HomeNewsझारखंड BJP के नए प्रभारी गजेंद्र पटेल पहुंचे रांची, एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत; उलिहातू से दौरे की शुरुआत

झारखंड BJP के नए प्रभारी गजेंद्र पटेल पहुंचे रांची, एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत; उलिहातू से दौरे की शुरुआत

झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को अपने पहले दो दिवसीय झारखंड दौरे
bjp-2

झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को अपने पहले दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और पारंपरिक नृत्य के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं ने नए प्रभारी का अभिनंदन किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Table of Contents

    उलिहातू पहुंचकर बिरसा मुंडा को किया नमन

    रांची पहुंचने के बाद गजेंद्र पटेल खूंटी के उलिहातू पहुंचे। यह भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली है। यहां उन्होंने बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ झारखंड भाजपा के सह-प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह भी मौजूद रहे। पटेल ने बिरसा मुंडा के वंशजों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

    भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठन को लेकर बैठक

    उलिहातू कार्यक्रम के बाद गजेंद्र पटेल खूंटी स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। इसके बाद रांची में भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनके स्वागत के लिए कार्यक्रम रखा गया। यहां प्रदेश पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े नेताओं के साथ बैठक में पार्टी की आगामी गतिविधियों, संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय को लेकर चर्चा की गई।

    गजेंद्र पटेल के साथ झारखंड के दोनों सह-प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को भी जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ने 23 सितंबर को पटेल को झारखंड का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया था। उन्होंने लक्ष्मीकांत वाजपेयी की जगह ली है।

    कौन हैं गजेंद्र सिंह पटेल?

    गजेंद्र सिंह पटेल मध्य प्रदेश के खरगोन से भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। छात्र जीवन से ही वे संगठन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भाजपा युवा मोर्चा, वनवासी कल्याण परिषद और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं। आदिवासी समाज से आने वाले पटेल की नियुक्ति को झारखंड में भाजपा के जनजातीय संपर्क और संगठन को मजबूत करने की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

    संगठन में बड़े बदलाव के बाद नई टीम संभालेगी कमान

    गजेंद्र पटेल की नियुक्ति के साथ भाजपा ने झारखंड संगठन में कई अहम बदलाव किए हैं। सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके बाद पवन कुमार साय को झारखंड का प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया, जबकि पहले इस जिम्मेदारी को संभाल रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भेजा गया है।

    इन बदलावों के बाद गजेंद्र पटेल का पहला झारखंड दौरा संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने और राज्य में अपनी राजनीतिक रणनीति को धार देने की है।

    Loading

    Comments are off for this post.