Last updated: October 7th, 2026 at 11:14 am

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई कथित तौर पर बिना अनुमति परिसर में प्रवेश करने के आरोप में की है।
संसद से चुनाव आयोग तक निकाला गया था मार्च
मंगलवार को INDIA ब्लॉक के करीब 200 सांसदों ने संसद भवन से चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च शुरू किया था। प्रदर्शनकारी SIR और चुनाव आयोग से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात करना चाहते थे। हालांकि, संसद मार्ग पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया।
इसके बाद राहुल गांधी आकाशवाणी भवन के गेट की ओर बढ़े और सुरक्षा घेरे को पार कर परिसर में प्रवेश कर गए। कुछ देर बाद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस के अन्य नेता भी वहां पहुंच गए। राहुल और प्रियंका समेत विपक्षी नेताओं ने परिसर में धरना शुरू कर दिया।
कई घंटे चला धरना, शाम को हिरासत में लिए गए नेता
आकाशवाणी भवन परिसर में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं का धरना कई घंटे तक चला। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की मांग पर कायम रहे।
शाम को दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया और उन्हें किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया गया।
अब दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर में कथित अनधिकृत प्रवेश को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। FIR में किन-किन धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है, इसकी विस्तृत जानकारी पुलिस की जांच के साथ सामने आने की उम्मीद है।
![]()
Comments are off for this post.