Human Live Media

HomeNewsदिवाली के बाद रांची की बिगड़ी हवा, कई इलाकों में 190 के पार पहुंचा AQI; बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ी चिंता

दिवाली के बाद रांची की बिगड़ी हवा, कई इलाकों में 190 के पार पहुंचा AQI; बच्चों और बुजुर्गों के लिए बढ़ी चिंता

दीपावली के बाद राजधानी रांची की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। आतिशबाजी के बाद वायु गुणवत्ता
watermarked_img_1176335723705912280

दीपावली के बाद राजधानी रांची की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। आतिशबाजी के बाद वायु गुणवत्ता में आई गिरावट अब शहर के अलग-अलग इलाकों में दिखाई देने लगी है। पिछले तीन दिनों के आंकड़े भी प्रदूषण बढ़ने की ओर इशारा कर रहे हैं। 7 नवंबर को जहां रांची का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 142 से 152 के बीच दर्ज किया गया था, वहीं 8 नवंबर को यह बढ़कर 156 से 164 तक पहुंच गया। इसके बाद 9 नवंबर को कई इलाकों में एक्यूआई 190 के करीब दर्ज किया गया।

Table of Contents

    शहर के सेक्टर-2 में सबसे अधिक 193 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। वहीं दीपाटोली में 191, धुमसाटोली और गांधी नगर कॉलोनी में 189 तथा कोकर चौक में 186 एक्यूआई दर्ज हुआ। अलग-अलग समय पर सामने आए रियल टाइम आंकड़ों में रांची का एक्यूआई 163 से 189 के बीच रहा। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि दीपावली के बाद शहर की वायु गुणवत्ता पर दबाव बढ़ा है।

    पीएम2.5 बना प्रदूषण की बड़ी वजह

    वायु प्रदूषण में पीएम2.5 के सूक्ष्म कण प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। पटाखों से निकलने वाला धुआं और बारीक जहरीले कण हवा को प्रदूषित करते हैं। इसके अलावा नवंबर में तापमान में गिरावट और हवा की रफ्तार कम होने से भी प्रदूषण बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसी परिस्थितियों में प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं और जमीन के नजदीक जमा हो सकते हैं। खासकर रात और सुबह के समय इनका प्रभाव अधिक हो सकता है।

    बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह

    पीएम2.5 के बेहद छोटे कण सांस के रास्ते फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है। रांची के गांधीनगर स्थित सीसीएल हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जितेंद्र कुमार ने ऐसे लोगों को सुबह जल्दी और देर शाम बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही खुले स्थानों पर अधिक देर तक भारी शारीरिक गतिविधियां नहीं करने की बात कही है।

    हालांकि, दीपावली के बाद प्रदूषण में बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई है, लेकिन इसके लिए केवल पटाखों को जिम्मेदार मानना सही नहीं होगा। वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़कों की धूल और मौसम में बदलाव भी रांची की हवा को प्रभावित करने वाले अहम कारण हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता पर नजर रखना और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाना जरूरी होगा।

    Loading

    Comments are off for this post.