Last updated: November 9th, 2026 at 01:12 pm

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी से पहले उनके परिवार में महंगी गाड़ियों को लेकर खूब चर्चा हो रही है। बेटी की शादी में होने वाले खर्च और दामाद को मिलने वाले तोहफों के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश को करोड़ों रुपये की लग्जरी डिफेंडर कार गिफ्ट करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि सफेद रंग की यह गाड़ी उनके परिवार के आवास पर पहुंच भी चुकी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मॉल रोड स्थित अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के आवास परिसर में यह चमचमाती डिफेंडर खड़ी देखी गई है। इसकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, गाड़ी की खरीद कीमत और इसे दामाद को उपहार में देने की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
लग्जरी गाड़ियों के शौकीन हैं अनंत सिंह
अनंत सिंह का महंगी गाड़ियों के प्रति लगाव किसी से छिपा नहीं है। उन्हें नए मॉडल की गाड़ियां खरीदने का शौक रहा है। यही वजह है कि बेटी की शादी से पहले डिफेंडर की एंट्री ने लोगों का ध्यान खींच लिया है। फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि दामाद ऋषिकेश को इस गाड़ी के अलावा और कौन-कौन से उपहार दिए जाते हैं।
छोटे बेटे अभिनव के लिए भी खरीदी BMW
बेटी की शादी के साथ-साथ अनंत सिंह के परिवार में एक और खास आयोजन होने जा रहा है। उनके छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी होना है। इस मौके पर बेटे को भी लग्जरी कार देने की तैयारी की गई है। बताया जा रहा है कि अभिनव के लिए काले रंग की BMW खरीदी गई है। यह गाड़ी भी नीलम देवी के मॉल रोड स्थित आवास पर खड़ी है।
एक ही परिसर में सफेद डिफेंडर और काली BMW की मौजूदगी ने इस परिवार के समारोह को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
25 नवंबर को होगी शिवांगी सिंह की शादी
गौरतलब है कि अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर 2026 को तय है। शादी पैतृक गांव नदवां (लदमा) में आयोजित होगी। इसके लिए परिवार की ओर से रिश्तेदारों और मेहमानों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। समारोह को यादगार बनाने के लिए घुड़दौड़ प्रतियोगिता समेत कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।
शादी में राजनीति, सामाजिक क्षेत्र और फिल्मी दुनिया की कई चर्चित हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में अनंत सिंह की बेटी की शादी से पहले लग्जरी गाड़ियों और भव्य तैयारियों को लेकर बिहार में लगातार चर्चा बनी हुई है।
![]()
Comments are off for this post.