Last updated: November 9th, 2026 at 04:02 pm

बांग्लादेश में संदिग्ध परिस्थितियों में जान गंवाने वाले कश्मीरी मेडिकल छात्र अदनान अल्ताफ का पार्थिव शरीर भारत पहुंच गया है। सोमवार को उनका शव बांग्लादेश से दिल्ली लाया गया। अब मंगलवार को पार्थिव शरीर श्रीनगर ले जाया जाएगा, जहां से उसे उनके पैतृक कस्बे सोपोर पहुंचाया जाएगा। इस खबर के सामने आने के बाद परिवार और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
अदनान अल्ताफ उत्तरी कश्मीर के सोपोर के रहने वाले थे। वह बांग्लादेश के कोमिला स्थित ईस्टर्न मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने 2017-18 शैक्षणिक सत्र में कॉलेज के 14वें बैच में दाखिला लिया था।
बताया जा रहा है कि अदनान का शव बांग्लादेश में एक तालाब से बरामद हुआ था। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। मौत की असली वजह जानने के लिए जांच से जुड़ी जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
इस बीच, बांग्लादेश में पढ़ाई कर रहे कश्मीरी मेडिकल छात्रों ने अपने साथी अदनान अल्ताफ को श्रद्धांजलि दी। छात्रों ने उनके लिए नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की और उनकी आत्मा की शांति के लिए दुआ मांगी।
उधर, सोपोर में अदनान के परिवार और रिश्तेदारों की निगाहें उनके पार्थिव शरीर के पहुंचने पर टिकी हैं। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हैं। एक होनहार मेडिकल छात्र की इस तरह हुई मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
![]()
Comments are off for this post.