Last updated: November 12th, 2026 at 02:15 pm

फिल्मों में अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसाने वाले अभिनेता राजपाल यादव अब अपने गांव और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चर्चा में हैं। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर पहुंचे राजपाल यादव ने बंडा ब्लॉक को जिला बनाने की मांग उठाई। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से मतदान का बहिष्कार नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि वोट देना हर नागरिक का अधिकार है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना भी उतना ही जरूरी है।
दरअसल, राजपाल यादव शाहजहांपुर के बंडा ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव कुंडरा पहुंचे थे। यहां ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बंडा को जिला बनाने से आसपास के जिलों पर प्रशासनिक दबाव कम होगा और क्षेत्र के लोगों को सरकारी कामकाज के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।
राजपाल यादव ने बताया कि बंडा से पीलीभीत करीब 70 किलोमीटर, बरेली 80 किलोमीटर और लखीमपुर 55 से 70 किलोमीटर दूर है। ऐसे में बंडा को जिला बनाए जाने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह इलाका धान, गन्ना और गेहूं की खेती के लिए जाना जाता है। जिला बनने से यहां प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
अभिनेता ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से वह गांव और आसपास की सड़कों को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कई गांवों की सड़कें अब भी खराब स्थिति में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत गांवों को टू-लेन सड़कों से जोड़ने और सड़कों पर डिवाइडर बनाने की जरूरत बताई।
वहीं, मतदान के बहिष्कार की मांग पर राजपाल यादव ने ग्रामीणों से ऐसा कदम नहीं उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट देना हर नागरिक का अधिकार है। अपनी समस्याओं और मांगों को उठाने के लिए मतदान का बहिष्कार करना जरूरी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शाहजहांपुर के जिलाधिकारी और लखनऊ में भी बातचीत की गई है। उन्हें जल्द सड़क निर्माण कराने का आश्वासन मिला है।
राजनीति में आने के सवाल पर राजपाल यादव ने साफ कहा कि वह साल 2017 से राजनीति से दूर हैं। उनके जीवन में 90 प्रतिशत अभिनय और 10 प्रतिशत समाजसेवा है। वह अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर लोगों की समस्याएं उठाना चाहते हैं, लेकिन राजनेता नहीं बनना चाहते।
इस दौरान राजपाल यादव अपने गांव से भावनात्मक जुड़ाव को लेकर भी चर्चा में रहे। उन्होंने कहा कि बंडा से उनका जन्म और जीवन का रिश्ता है। साथ ही अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर बताया कि उनकी करीब 12 फिल्में पाइपलाइन में हैं, जो 2027 और 2028 में रिलीज हो सकती हैं।
![]()
Comments are off for this post.