Human Live Media

HomeNewsजावेद अख्तर के ‘राम हर भारतीय के खून में’ बयान पर छिड़ी बहस, मौलाना साजिद रशीदी ने जताई नाराजगी; नेताओं ने किया समर्थन

जावेद अख्तर के ‘राम हर भारतीय के खून में’ बयान पर छिड़ी बहस, मौलाना साजिद रशीदी ने जताई नाराजगी; नेताओं ने किया समर्थन

मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर के भगवान राम को लेकर दिए गए बयान ने देश की सियासत और धार्मिक
javed-akhtar-sajid-rashidi

मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर के भगवान राम को लेकर दिए गए बयान ने देश की सियासत और धार्मिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। मुंबई में मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान जावेद अख्तर ने कहा कि भगवान राम केवल एक धार्मिक ही नहीं, बल्कि नैतिकता, आदर्श और जीवन जीने का तरीका हैं। उन्होंने कहा कि राम हर भारतीय के खून में बसे हैं, चाहे उसका धर्म या मजहब कुछ भी हो। उनके इस बयान के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों और धार्मिक संगठनों की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

Table of Contents

    जावेद अख्तर के बयान का विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर की बात से वह सहमत हैं और भारतीयों की धमनियों में राम और कृष्ण की स्मृतियां मौजूद हैं।

    वहीं, मौलाना साजिद रशीदी ने जावेद अख्तर की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर खुद को नास्तिक बताते रहे हैं, ऐसे में उनके राम की प्रशंसा करने के पीछे क्या सोच है, यह समझना जरूरी है। रशीदी ने आरोप लगाया कि जावेद अख्तर हिंदुओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह भगवान राम को अपना पूर्वज नहीं मानते, बल्कि हजरत आदम को अपना पूर्वज मानते हैं।

    हालांकि, इस मुद्दे पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने जावेद अख्तर के विचारों को भारतीय संस्कृति और तहजीब से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि अख्तर का बयान उनका व्यक्तिगत नजरिया है और सांस्कृतिक दृष्टि से इसमें खूबसूरती दिखाई देती है।

    राजनीतिक दलों की ओर से भी इस बयान पर प्रतिक्रियाएं आई हैं। बीजेपी नेता प्रमोद कृष्णम ने जावेद अख्तर की तारीफ करते हुए उनके बयान का स्वागत किया। वहीं, बीजेपी विधायक राम कदम ने कहा कि अख्तर ने भगवान श्रीराम से जुड़ी एक बड़ी सच्चाई को स्वीकार किया है।

    कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने भी जावेद अख्तर की बात का समर्थन करते हुए कहा कि राम कण-कण में हैं और साहित्यकारों तथा कवियों ने हमेशा इस भावना को अपनी रचनाओं में जगह दी है। कांग्रेस नेता उदित राज ने इसे जावेद अख्तर का व्यक्तिगत विचार बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है।

    शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने राम को देश की अस्मिता का प्रतीक बताया। उनके मुताबिक, भगवान राम किसी एक धर्म या राजनीति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका जीवन और आचरण सभी के लिए आदर्श है।

    वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी जावेद अख्तर के विचारों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के आदर्श हमेशा प्रासंगिक रहेंगे और राम हर जगह विद्यमान हैं।

    जावेद अख्तर के इस बयान पर जहां कई नेताओं ने सहमति जताई है, वहीं कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया है। ऐसे में उनका यह बयान अब राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है।

    Loading

    Comments are off for this post.