Last updated: November 19th, 2026 at 10:35 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा है। FICCI के शताब्दी सम्मेलन में संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने दावा किया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ से अधिक भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की पुरानी सरकारों की नीतियों और उनकी कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। साथ ही राहुल गांधी के आर्थिक आपदा वाले बयान का भी जवाब दिया।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी FICCI की 99वीं वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन 2026 को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने संस्था के 100 साल पूरे होने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि किसी संस्था का एक सदी तक सक्रिय रहना और देश की आर्थिक यात्रा में योगदान देना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने FICCI से जुड़े वर्तमान और पूर्व सदस्यों की सराहना भी की।
कांग्रेस की नीतियों पर पीएम मोदी ने उठाए सवाल
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में नीयत और नीति, दोनों में कमी थी। उन्होंने कहा कि आज भारत की आर्थिक प्रगति को मूडीज, S&P ग्लोबल, वर्ल्ड बैंक और एशियन डेवलपमेंट बैंक जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी स्वीकार कर रही हैं।
पीएम मोदी ने उद्योग जगत से ‘इंडिया फर्स्ट’ को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भारतीय उद्योगों और कारोबारियों को आगे आना होगा। इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि व्यापार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।
गरीबी के खिलाफ लड़ाई में 50 करोड़ लोगों की सफलता का दावा
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में गरीबी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि बीते 12 से 13 वर्षों में 50 करोड़ से ज्यादा भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। पीएम मोदी ने 1970 के दशक में दिए गए ‘गरीबी हटाओ’ के नारे का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा।
उन्होंने कहा कि उस दौर में भी गरीबी दूर करने का अवसर था, लेकिन तत्कालीन सरकारों की नीतियों और इच्छाशक्ति में कमी रही। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि देश की तरक्की के लिए छोटे उद्यमियों, उद्योगों, कारोबारियों और टैक्स देने वाले लोगों का सम्मान करना जरूरी है। उनके मुताबिक, उद्यमियों को लगातार निशाने पर रखकर अर्थव्यवस्था को मजबूत नहीं बनाया जा सकता।
राहुल गांधी के आर्थिक आपदा वाले बयान पर पलटवार
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में देश की आर्थिक स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला था। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया था कि भारत आर्थिक आपदा की ओर बढ़ रहा है। राहुल गांधी ने बेरोजगारी, पेपर लीक, छोटे कारोबारियों की परेशानियों और आर्थिक असमानता को लेकर सरकार को घेरा था।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया था कि देश के युवाओं को अपनी डिग्री के बावजूद रोजगार मिलने का भरोसा नहीं है और बड़े कारोबारियों के मुकाबले छोटे व्यापारियों के सामने मुश्किलें बढ़ रही हैं। उन्होंने मौजूदा आर्थिक हालात के लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री मोदी को जिम्मेदार ठहराया था।
अब FICCI के मंच से पीएम मोदी ने इन आरोपों का जवाब देते हुए देश की आर्थिक उपलब्धियों और गरीबी में कमी का जिक्र किया है। उनके इस संबोधन के बाद आर्थिक विकास, रोजगार और सरकार की नीतियों को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।
![]()
Comments are off for this post.